MP News: होली से पहले बिजली विभाग की सख्ती: 950 कनेक्शन काटे, 75 लाख की बकाया राशि पर कार्रवाई
MP News: होली से पहले बिजली विभाग ने बकाया बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी करते हुए 950 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इन उपभोक्ताओं पर कुल 75 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि थी।
अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई
बिजली कंपनी के विशेष दल ने उत्तर और पूर्व संभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने भोपाल के कई इलाकों में यह अभियान चलाया। जिन क्षेत्रों में सबसे अधिक कार्रवाई हुई, उनमें कोहेफिजा, भानपुर, चांदबड़, नवाब कॉलोनी, अशोका गार्डन, ऐशबाग, फरहत अफजा, जनता क्वार्टर, बाजपेई नगर, शाहजहानाबाद, मजदूर कॉलोनी, टीला जमालपुरा, जहांगीराबाद और इंडस्ट्रियल एरिया शामिल हैं।

40 लाख की वसूली, आगे भी जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई के दौरान बिजली कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर ही 40 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली भी की। हालांकि, अब भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक बिल नहीं चुकाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा और जिन उपभोक्ताओं ने बकाया नहीं चुकाया, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बिजली विभाग ने दी चेतावनी
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बिजली बिल समय पर भरने की जिम्मेदारी उपभोक्ताओं की होती है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान न करने पर यह कदम उठाया गया है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बिलों का भुगतान करें, अन्यथा कनेक्शन काटने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
होली से पहले बिजली संकट की आशंका
बिजली विभाग की इस कार्रवाई से प्रभावित इलाकों में हड़कंप मच गया है। कई उपभोक्ताओं ने तत्काल बिल भरकर अपने कनेक्शन दोबारा जोड़ने की मांग की। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली कंपनी बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काट रही है। इस बीच, होली के त्योहार से पहले बिजली कटौती की आशंका से कई स्थानीय लोग चिंतित हैं।












Click it and Unblock the Notifications