Diwali 2024: 31 अक्टूबर या 1 नवंबर, आखिर कब मनेगा दिवाली का त्योहार, ज्योतिषाचार्य ने बताया
Diwali 2024 का पर्व कब मनाया जाएगा, इस पर संशय विद्यमान है, जहां अबकी बार 31 अक्टूबर और 1 नवंबर दोनों ही दिन को दीपावली का पर्व मनाने पर ज्योतिषाचार्य विचार कर रहे हैं। इस बीच देश भर में जहां दीपावली का पर्व 31 अक्टूबर को मनाने पर सहमति बनी है, तो वहीं इंदौर में दीपावली का पर्व 1 नवंबर को मनाया जाएगा।
इंदौर के प्रसिद्ध मंदिरों में दीपावली का पर्व 1 नवंबर को मनाने पर सहमति बनी है, तो वहीं इसे लेकर ज्योतिषों ने अपने-अपने तथ्य भी दिए हैं। आचार्य पंडित रामचंद्र शर्मा वैदिक ने वन इंडिया हिंदी से खास बातचीत करते हुए 1 नवंबर को दीप पर्व मनाने पर अपनी बात रखी है।

आचार्य पंडित रामचंद्र शर्मा वैदिक बताते हैं कि, दीपावली का पर्व दो दिन इसलिए मन रहा है, क्योंकि दो दिन अमावस्या है, 31 अक्टूबर को अमावस्या है, जो दोपहर बाद प्रारंभ होगी। वहीं 1 नवंबर को अमावस्या सूर्योदय से लगाकर शाम को 6:17 तक रहेगी। धर्म शास्त्रों की स्पष्ट मान्यता है कि, दो दिन अमावस्या हो तो परा यानी दूसरे दिन की अमावस्या को ग्रहण करना चाहिए। दूसरे दिन यानी 1 नवंबर को अमावस्या एक घड़ी से अधिक है। एक घड़ी का तात्पर्य 24 मिनट से अधिक होने पर है, 1 नवंबर को सूर्यास्त 5:44 पर होगा। वहीं अमावस्या 6:17 पर समाप्त होगी, जिसके चलते 1 नवंबर को ही दीपावली मनाना श्रेष्ठ रहेगा।
आचार्य पंडित रामचंद्र शर्मा वैदिक बताते हैं कि, दीप पर्व स्वाति नक्षत्र में मनाया जाए तो प्रशस्त माना जाता है। 1 नवंबर को शुक्रवार भी है, स्वाति नक्षत्र भी है, और आयुष्मान योग भी है, जो 1 नवंबर को दीपावली मनाता है, उसका पूरा वर्ष आनंद से व्यतीत होगा। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है। पंचांगों की गणना में अंतर होने से यह संशय विद्यमान है, जिन पंचांग का हम सहारा लेते हैं, उनमें एक नवंबर यानि शुक्रवार स्वाति नक्षत्र और आयुष्मान योग में दीपावली मनाना श्रेष्ठ बताया गया है।
ये भी पढ़े- MP: अलर्ट!, दिवाली से पहले इंदौर आया नकली मावा, इन दुकानों पर एक्शन












Click it and Unblock the Notifications