MP News: ग्वालियर से शुरू हुआ कांग्रेस का 'संविधान बचाओ' अभियान, जीतू पटवारी बोले - अब चुप नहीं बैठेंगे
MP News Congress: तेज धूप और तपती गर्मी के बावजूद सोमवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के सामने स्थित मैदान में कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम 'संविधान बचाओ रैली' जोरदार अंदाज में आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कद्दावर नेताओं ने शिरकत की और सत्तारूढ़ दल पर तीखे हमले करते हुए संविधान की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष की घोषणा की।

मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सांसद अशोक सिंह, और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। करीब 5,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, जबकि 2,000 से अधिक लोग खड़े होकर रैली में शामिल हुए। रैली स्थल को गर्मी से राहत देने के लिए 40 से अधिक बड़े कूलर और ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी।
पटवारी का ऐलान - "संविधान की लड़ाई ग्वालियर से शुरू"
कार्यक्रम की शुरुआत में जीतू पटवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "ग्वालियर की धरती से आज हम एक नई लड़ाई की शुरुआत कर रहे हैं। यह लड़ाई सत्ता के खिलाफ नहीं, बल्कि उस सोच के खिलाफ है जो संविधान को कमजोर करना चाहती है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि उस संविधान की रक्षा के लिए खड़ी है, जिसके सहारे देश के गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिला अपने अधिकारों के लिए खड़े हो सके।
हरीश चौधरी ने कहा, "संविधान ने हमें बोलने, जीने और चुनाव लड़ने का अधिकार दिया है। लेकिन आज हर अधिकार पर हमला हो रहा है। ये रैली सिर्फ राजनीतिक नहीं, सामाजिक जागरूकता की शुरुआत है।"
कमलनाथ और दिग्विजय ने साधा केंद्र पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि देश के हालात चिंताजनक हैं। बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की बदहाली के बीच अब संविधान को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं।
दिग्विजय सिंह ने मंच से कहा, "आज संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। चुनाव आयोग, सीबीआई, ईडी जैसे संस्थान सत्ता के औजार बन चुके हैं। हमें इस चुप्पी को तोड़ना होगा।"

राहुल गांधी और खड़गे को भी भेजा गया न्योता
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी को भी इस रैली के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि, वे उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन आगे की रैलियों में उनके शामिल होने की संभावना जताई गई है।
MP News Congress: रैली से आंदोलन तक: प्रदेशभर में फैलेगा जनजागरण अभियान
कांग्रेस ने इस रैली के जरिए अपने राष्ट्रीय अभियान 'संविधान बचाओ' की प्रदेश स्तरीय शुरुआत की है। यह अभियान 25 से 30 अप्रैल तक पूरे देश में चलेगा। मध्यप्रदेश में यह रैली ग्वालियर से शुरू हुई है और इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में यह अभियान फैलेगा:
जिला स्तरीय रैलियां (3 से 10 मई): कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी और कृषि संकट को लेकर जनता से संवाद करेंगे।
विधानसभा स्तर रैलियां (11 से 17 मई): हर विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय नेतृत्व संविधान और जनाधिकारों के मुद्दों पर जनजागरण चलाएगा।
घर-घर संपर्क अभियान (20 से 30 मई): कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता के घर जाकर संविधान के महत्व, मौजूदा चुनौतियों और पार्टी की भूमिका पर संवाद करेंगे। प्रचार साहित्य और डिजिटल माध्यमों से भी जनसंपर्क को मजबूत किया जाएगा।
MP News Congress: भीड़ का उत्साह और व्यवस्थाओं की सराहना
गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने कांग्रेस नेताओं का जोश बढ़ाया। मैदान में कुर्सियों की व्यवस्थित पंक्तियां, छाया और कूलिंग व्यवस्था, और जगह-जगह पानी की उपलब्धता ने इस आयोजन को व्यवस्थित बनाए रखा। उपस्थित लोगों ने लगातार नारेबाजी और तालियों से नेताओं का समर्थन किया।
राजनीतिक संदेश साफ - कांग्रेस अब सड़क पर
इस रैली ने साफ कर दिया कि कांग्रेस अब आक्रामक विपक्ष की भूमिका में है। जहां एक ओर चुनावों की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर संविधान और लोकतंत्र को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश भी साफ नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications