MP News: महेश्वर में मोहन कैबिनेट, मां नर्मदा और देवी अहिल्या का हुआ पूजन, CM ने दिया संदेश
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का खरगोन जिले के महेश्वर पहुंचने पर लोकमाता अहिल्याबाई का चित्र भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। ऐतिहासिक स्थल महेश्वर में कैबिनेट की विशेष बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों ने महेश्वर किले में स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा एवं राजगादी के दर्शन कर उनके न्याय, परोपकार और समाजसेवा के आदर्शों का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ महेश्वर स्थित नर्मदा अहिल्या घाट पर माँ नर्मदा जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली व सुख-समृद्धि की कामना की है। CM मोहन यादव ने महेश्वर में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती वर्ष पर मंत्रिपरिषद् के सदस्यों के साथ ऐतिहासिक किले में राजगादी का दर्शन एवं लोकमाता जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
भारत की सांस्कृतिक चेतना, मठ-मंदिरों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए लोकमाता के अतुलनीय योगदान को सर्वदा याद किया जाएगा। CM मोहन यादव ने कहा कि, लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी के 300वें जयंती वर्ष पर उनकी स्मृति और सुशासन के प्रति उनके अद्वितीय योगदान को सम्मानित करने के लिए प्रदेश सरकार ने महेश्वर में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। देवी अहिल्याबाई जी की उदारता, निस्वार्थ सेवा और प्रशासनिक कुशलता आज भी हमें प्रेरित करती है। लोकमाता का जीवन सुशासन और लोककल्याण का आदर्श उदाहरण है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 जनवरी को मण्डलेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की 982 करोड़ 59 लाख रुपये की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने पर खरगोन जिले की महेश्वर, धार जिले की पिथमपुर एवं इंदौर जिले की मऊ तहसील के कुल 123 ग्रामों के किसानों के खेत में सिंचाई के लिए नर्मदा का जल पहुंचेगा। इससे इन गांवों के किसानों का कृषि उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
ये भी पढ़े- MP News: क्या है कोदो-कुटकी?, जिसकी खेती पर किसानों की मदद कर रही सरकार, मिला बंपर लाभ












Click it and Unblock the Notifications