योगी की राह पर शिवराज सिंह : दुष्कर्म के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, पत्नी-मां ने प्रशासन से गुहार लगाई
शहडोल, 22 मार्च। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की राह पर मध्य प्रदेश सीएम शिवराज सिंह चौहान भी चल पड़े हैं। मध्य प्रदेश में के शहडोल में दुष्कर्म के आरोपी शादाब खान के घर पर मंगलवार सुबह बुलडोजर चला। पुरानी बस्ती स्थित उसके मकान को पुलिस और प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में तोड़ा गया। इसकी तैयारी एक दिन पहले ही कर ली गई थी।

सोमवार को जिला प्रशासन की टीम ने नोटिस चिपकाया था। इसके बाद शादाब की पत्नी और मां ने प्रशासन से गुहार लगाई थी कि अगर मकान तोड़ा गया तो वे लोग बेघर हो जाएंगे। इसके बाद भी प्रशासन ने घर गिरा दिया।
पचगांव रोड में था मकान
दुष्कर्म के आरोपित अब्दुल शादाब उस्मानी पिता अब्दुल अजीज उस्मानी 33 वर्ष निवासी पंचगांव रोड दुर्गा मंदिर के वार्ड नंबर 29 थाना कोतवाली शहडोल के घर में कलेक्टर वंदना वैद्य के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी के निर्देशन में मंगलवार की सुबह जिला प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलवा कर घर को जमींदोज किया गया।
मौके पर यह रहे मौजूद
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी, तहसीलदार लवकुश प्रसाद शुक्ला, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमित तिवारी सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
आरोपित की पत्नी गई थी गुहार लगाने
सोमवार की रात तकरीबन नौ बजे आरोपित शादाब की बीवी महिलाओं को लेकर कलेक्टर के बंगले पर गुहार लगाने गई थी और आरोपित की मां की ओर से एक पत्र भी लेकर गई थी, जिसमें कहा गया था कि यदि मकान गिराया जाता है तो वे लोग बेघर हो जाएंगे। लेकिन लगता है कि प्रशासन ने अपना पूरा मन बना ही लिया था। मंगलवार को सुबह से ही यह कार्रवाई शुरू कर दी गई और यह कार्रवाई अभी भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications