मध्य प्रदेश: अब नाराज कार्यकर्ताओं को मनाएंगे भाजपा विधायक और सांसद, 6 हिस्सों में बांटी गई टीम
ग्वालियर। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा जीत के लिए हर चुनावी पैतरे आजमा रही है। पिछले दिनों भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की बात सामने आई थी। इसके लिए भाजपा ने योजना बनाई है। इसके तहत वे नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने व अन्य दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने काम करेंगे। भाजपा आलाकमान ने प्रदेश के 10 संभागों को छह हिस्सों में बांटकर इस काम की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। कई संभागों का जिम्मा दो-दो नेताओं को दिया गया है।

इस टीम में मंत्री, सांसद और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। इन सभी का काम विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से चुनावी रणनीति तैयार करना और नाराज कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करना होगा। ये नेता अन्य दलों के कार्यकर्ताओं को भी भाजपा की सदस्यता दिलवाएंगे। इसपर फैसला राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल द्वारा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया है।
प्रभारी पदाधिकारी अपना फीडबैक चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को देंगे। बैठक में विचार किया गया कि प्रत्येक बूथ की मजबूती के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का अधिकतम उपयोग किस प्रकार किया जाए। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय नेताओं के प्रदेश में दौरे और अन्य कार्यक्रमों पर भी विचार किया गया। इसकी योजना बनाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा को दी गई है।

इन्हें दी गई जिम्मेदारी:
भोपाल-होशंगाबाद: आलोक संजर, हेमंत खंडेलवाल।
ग्वालियर-चंबल : नरोत्तम मिश्रा।
सागर : जयंत मलैया, भूपेंद्र सिंह।
जबलपुर : अजय विश्नोई, कैलाश सोनी।
रीवा-शहडोल : प्रभात झा
इंदौर- उज्जैन : कैलाश विजयवर्गीय।
केंद्र के 9 पदाधिकारी संभालेंगे मीडिया का जिम्मा
भाजपा ने चुनाव के लिए केंद्र के नौ पदाधिकारियों को मीडिया का जिम्मा सौंपा है। साथ ही प्रदेश के प्रवक्ताओं और मीडिया पदाधिकारियों को भी संभागों का आवंटन कर दिया है। चुनाव के लिए केंद्र से जो पदाधिकारी वक्तव्य जारी करेंगे उनमें सतीश लखेड़ा, गोपाल अग्रवाल, सईद जफर इस्लाम, शलभमणि त्रिपाठी, गौरव भाटिया, तरुण कांत, राकेश त्रिपाठी और आलोक अवस्थी शामिल हैं। वरिष्ठ प्रवक्ता संबित पात्रा मॉनिटरिंग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications