MP बोर्ड 10वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, भाषा विषय के चयन में हुआ ये बड़ा बदलाव, जानें
भोपाल, 20 जुलाई। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश बोर्ड से 10वीं की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड की तरफ से भाषा विषय चयन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। इसके मुताबिक शिक्षण-सत्र 2022-23 की हाई स्कूल परीक्षा के लिए विद्यार्थी को निर्धारित भाषा विषयों में से कोई तीन विषय का चयन करना होगा। वहीं, एनएसक्यूएफ विषय का चयन करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित भाषा विषयों में से कोई दो भाषा विषय का चयन करना होगा।

माध्यमिक शिक्षा मंडल की तरफ से दी गई जानकारी की मानें तो चिल्ड्रन विथ स्पेशल नीड के विद्यार्थी गणित व विज्ञान के स्थान पर चित्रकला या गायन वादन या तबला पखावज या कंप्यूटर विषय में से कोई एक विषय ले सकेंगे। साथ ही ऐसे परीक्षार्थियों को तीन भाषा विषय में से दो भाषा विषय में छूट प्रदान की गई है।
ऐसे परीक्षार्थी किसी एक भाषा विषय का चयन कर सकेंगे। इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थाओं में नियमित प्रवेश के लिए प्रवेश संबंधी मार्गदर्शिका पुस्तिका भी जारी की गई है। छात्र अधिक जानकारी मंडल की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकेंगे।
आपको बता दें कि बोर्ड की तरफ से इस बार बेस्ट ऑफ-5 रूल को भी खत्म कर दिया जाएगा। इसको लेकर बोर्ड की तरफ से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी की जा सकती है। अगर नया नियम लागू होता है, तो छात्रों को सभी 6 विषयों में पास होना होगा। इससे पहले तक अगर कोई छात्र एक विषय में फेल हो जाता था तो उसका मूल्यांकन 5 विषयों में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता था।
ये भी पढ़ें- जी-20 और प्रवासी भारतीय सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है एमपी : पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर












Click it and Unblock the Notifications