Bageshwar Dham के धीरेंद्र शास्त्री बैकफुट पर, साईं बाबा मुद्दे पर बढ़ते विरोध के बाद जताया खेद, किया Tweet
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने साईं बाबा पर दिए बयान के 5 इन बाद माफी मांग ली। उनकी ओर से ट्वीट करते हुए लिखा कि यदि उनके किसी शब्द से किसी के दिल को ठेस पहुंची, तो उन्हें खेद है।
Bageshwar Dham's Dhirendra Shastri: साईं बाबा भगवान नहीं हो सकते है, इस तरह का बयान देने वाले बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री पांच दिन बाद ही बैकफुट पर आ गए। उन्होंने अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि 'मेरा हमेशा संतों के प्रति महापुरुषों के प्रति सम्मान है और रहेगा'।
बड़े-बड़े चमत्कारिक दावे करने वाले चर्चित कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री साईं बाबा पर दिए बयान से विवाद में घिरते जा रहे थे। महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई। जिस पर अब उन्होंने माफी मांगी हैं।
बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने साईं बाबा पर विवादस्पद बयान देने के 5 दिन बाद खेद जताया। बागेश्वरधाम सरकार के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडिल से खेद व्यक्त करता हुआ बयान जारी किया। धीरेंद्र शास्त्री की ओर से ट्वीट में लिखा गया कि-
'मेरा हमेशा संतों के प्रति महापुरुषों के प्रति सम्मान है और रहेगा। मैंने कोई एक कहावत बोली, जो हम अपने संदर्भ में बोल रहे थे कि अगर हम छतरी पीछे लगाकर कहें कि हम शंकराचार्य हैं तो ये कैसे हो सकता है...हमारे शंकराचार्य ने जो कहा वो हमने दोहराया कि साईं बाबा संत फ़क़ीर हो सकते हैं और उन में लोगों की निजी आस्था हैं। अगर कोई व्यक्ति किसी संत गुरु को निजी आस्था से भगवान मानता है वह उसकी निजी आस्था है, हमारा इसमें कोई विरोध नहीं...हमारे किसी शब्द से किसी के हृदय को ठेस पहुँची उसका हमें दिल की गहराइयों से दुख है और खेद है-बागेश्वर धाम सरकार..'
धीरेंद्र शास्त्री ने यह बयान मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित कथा समापन के दिन दिया था। शहर के प्रसिद्द चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र राजपूत के सवाल पर उन्होंने साईं बाबा को फ़कीर या संत होना बताया था। भगवान मानने पर उन्होंने सवाल खड़ा कर दिया था। यह बात भी गौर करने वाली है कि धीरेंद्र शास्त्री के कथा आयोजनों में उनके प्रतिनिधि कथा के पूर्व या बाद में जानकारी देते वक्त धीरेंद्र शास्त्री को खुद 'संत भगवान' कहकर ही संबोधित करते हैं। सोशल मीडिया पर भी पंडित जी के बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई। यूजर्स ने यही सवाल उठाया कि शास्त्रीजी को संत भगवान कहलाना पसंद कर रहे है, लेकिन साईं बाबा को फ़कीर या संत मानते हैं।