'कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे...' , बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने Video जारी कर किसके लिए कहा ऐसा
मध्य प्रदेश के बहुचर्चित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उस वक्त सुर्खियों में आए, जब नागपुर की संस्था अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने इनके चमत्कार को अंधविश्वास बताया और शिकायत की।

Bageshwar Dham Dhirendra Krishna Shastri New Video: मध्य प्रदेश के बहुचर्चित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पिछले एक महीने से सुर्खियों में हैं। नागपुर की संस्था अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चमत्कारी शक्तियों को चुनौती दी थी, उसके बाद से वह खबरों में बने हुए हैं। अब इसी बीच धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने विरोधियों पर करारा निशाना साधा है। उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक मिनट का वीडियो जारी करते हुए कहा, ''कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे....।'' अब इस पर चर्चा गरमा गई है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम में होने वाले यज्ञ के लिए वह देवभूमि में निवास कर तप करने वाले साधु-महत्माओं को न्योता देने आए हैं।

जानिए वीडियो में क्या-क्या कहा धीरेंद्र शास्त्री ने?
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ''आज 27 तारीख है और हम यात्रा पर निकले हैं। दो से तीन दिन की यात्रा है। बागेश्वर बालाजी की कृपा, सन्यासी बाबा की कृपा जो यज्ञ होने जा रहा है, उसके लिए तीर्थ स्थानों के संत, महात्माओं और महापुरुषों को आमंत्रण देने के लिए हम निकले हैं। सभी पागलों से कहना है कि हम बहुत जल्द फिर से बागेश्वर धाम आने वाले हैं। दिव्यभूमी जो हमारी हिमालय की भूमी है। उत्तराखंड का जो क्षेत्र है, जहां पर बड़े-बड़े ऋषि-मुनि, संत, महात्माओं, जिनकी अख्खर- फक्कड़ की साधना रही है। तपस्वी, योगी, अमलात्मा, विमलात्मा और साधु के स्थान और पदचिन्ह यहां विद्यमान हैं। उनका आशीर्वाद लेकर हम सभी संतों को आमंत्रण दे रहे हैं।''

'सनातन का झंडा गाड़े रहिए...'
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो के आखिर में कहा, ''बहुत जल्दी बागेश्वर धाम आएंगे। आप सब इतंजार कीजिए और सनातन का झंडा गाड़े रहिए। कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे।'' बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री फिलहाल उत्तराखंड में हैं। उसके बाद प्रयागराज में 2 फरवरी को उनका दरबार है। इस दरबार के लिए वो साधु-संतों को आमंत्रण देने उत्तराखंड पहुंचे हैं।

'हम शोषण नहीं करते, हम हलाला नहीं करते...'
एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में हाल ही में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया था कि वह मौलवी और पादरियों से कैसे अलग हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था, '' हम शोषण नहीं करते, हम हलाला नहीं करते, हम डराते नहीं हैं, हम दंगा नहीं फैलाते, हम चढ़ावा नहीं लेते हैं। जो भी चढ़ावा आता है तो हम उससे रीब बेटियों की शादियां करवाते हैं। जो कुछ भी लोग अपने मन से देते हैं, वह सब हम जनता के काम में लगा देते हैं। हम 2029 तक 400 बिस्तरों का कैंसर अस्पताल भी बनाएंगे।''

क्यों हो रहा है धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर विवाद?
हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म की बात को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सुर्खियों में बने हुए हैं। नागपुर की संस्था अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में होने वाले चमत्कार को अंधविश्वास का नाम दिया है। समित ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को खुले में आकर ये सब करने की चुनौती दी है। समित ने पुलिस में भी शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीनचिट दे दी है।

मुस्लिम धर्मगुरु ने की धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर कार्रवाई की मांग?
बता दें कि ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भारत के लोगों में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। वह अपने दरबार में इस्लाम धर्म का अपमान करते हैं और उसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। वो इस्लाम का मजाक बना रहे हैं। शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का दावा है कि धीरेंद्र शास्त्री अब तक 328 पुरुष और महिलाओं का धर्मांतरण करवा चुके हैं। इनपर कार्रवाई होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications