गजब नजारा: प्लेटफॉर्म पर इंजन बंद, लोगों ने धक्का देकर पटरी से हटाया, रेलवे यार्ड में ले गए
अजब-गजब: रेलवे स्टेशन पर कभी इंजन खराब हो जाए तो उसे कैसे पटरियों से लूप लाइन में ले जाएंगे। शायद दूसरे इंजिन से खींचकर ही उसे ले जाया जा सकता है। इधर मप्र के अशोकनगर जिले के मुंगावली रेलवे स्टेशन पर अजब नजारा देखने को मिला। यहां एक भारी-भरकम इंजन को कुछ कर्मचारी धक्का देकर प्लेटफॉर्म से हटाकर ले जाते दिख रहे थे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर एक रोचक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें मुगावली रेलवे स्टेशन पर एक इंजन को कुछ कर्मचारी जोर लगा के हईश्श्श्शा करते हुए धक्का देकर प्लेटफॉर्म से ले जा रहे हैं। लोग इस वीडियो को खूब चटखारे लेकर देख रहे हैं, बहुत ही मजेदार कमेंट्स भी कर रहे हैं। वन इंडिया ने इस वीडियो को लेकर जानकारी जुटाई तो मामला लगभग सही निकला है।
सवारी ट्रेन का इंजन नहीं है, बिजली सुधारने वाला इंजन है
मामले में जब पड़ताल की गई तो सामने आया कि इंजन को धक्का देने वाला जो वीडियो वायरल हो रहा है। वह सही है और मप्र के अशोकनगर के मुगावली रेलवे स्टेशन का ही है। लोग सच में इस इंजन को धक्का देकर प्लेटफॉर्म से हटा रहे थे। यह वीडियो करीब दो दिन पुराना है। लेकिन जिस इंजन को धक्का लगाया जा रहा है, वह सवारी ट्रेन या मालगाड़ी का इंजन नहीं है। जो इंजन दिख रहा है, वह रेलवे की बिजली लाइन को सुधारने वाला इंजन है, जो सामान्य इंजन से छोटा और वजन में हल्का भी होता है। इस इंजन की बैटरी डाउन होने के कारण यह स्टार्ट नहीं हो रहा था, इस कारण इसे धक्का देकर प्लेटफॉर्म से हटाया गया था।
इंजन खराब हो गया था, यार्ड में ले गए थे
अशोकनगर जिले के रेलवे ट्रैफिक इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने स्थानीय मीडिया को वायरल वीडियो के मामले में जानकारी देते हुए बताया कि इंजन खराब हो गया था, जिसको धक्का देकर यार्ड में खड़ा करने ले जाया जा रहा था। त्यागी के अनुसार हमारे पास लाइन कम रहती है, इसलिए तत्काल लाइन से हटाना ही पड़ता है। क्योंकि गाड़ियों का निकलना लगा रहता है, इंजन को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि जब दिक्कत आती है तो मैनपावर धक्का देकर भी पटरी से हटा सकता है। पॉवर इंजन खराब होता है तो उसे केवल दूसरे इंजन पॉवर इंजन के द्वारा ही हटाया जा सकता है। पर इलेक्ट्रिक मरम्मत में उपयोग होने वाले इंजन को पॉवर इंजन से नहीं हटाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications