Chhindwara News: छिंदवाड़ा में कुएं की खुदाई के दौरान मलबे में दबे 3 मजदूर, रेस्क्यू जारी
MP Chhindwara News: छिंदवाड़ा जिले के खुनाझिर खुर्द गांव में मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे निर्माणाधीन कुएं के धंसने से तीन लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में मां और बेटे समेत तीन मजदूर फंसे हुए हैं। घटनास्थल पर प्रशासनिक और बचाव दल द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसमें भोपाल से आई एनडीआरएफ की टीम भी शामिल है।
Recommended Video
कुएं में पानी भरने से रेस्क्यू में दिक्कतें
कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मलबा और पत्थर नीचे गिरने से मजदूर दब गए। हादसे के बाद कुएं में पानी भरने से बचाव कार्य में समस्याएं आ रही हैं। हालांकि, मोटर से पानी निकाला जा रहा है और इसके बाद पोकलेन मशीन और दो जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

मजदूरों को ऑक्सीजन की सुविधा दी जा रही है
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी मजदूर को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने जाली लगाई है और ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की गई है ताकि मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत न हो। डॉक्टरी टीम और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन लगातार मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयासरत है और वे खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं।
गहरे कुएं में खुदाई के दौरान हुआ हादसा
घटना खुनाझिर खुर्द गांव के ऐशराव वस्त्राणे के खेत में हो रही खुदाई के दौरान हुई। कुएं को गहरा किया जा रहा था, और इस काम के लिए राजस्थान और भोपाल की टीम को ठेका दिया गया था। मजदूर रायसेन और बुदनी से यहां काम करने आए थे। कुएं की खुदाई के दौरान ऊपर से मलबा और पत्थर गिरने से मजदूर फंस गए।

प्रशासन का रेस्क्यू प्रयास जारी
मौके पर छिंदवाड़ा के कलेक्टर, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं, जो रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का पूरा ध्यान मजदूरों को सुरक्षित निकालने पर है और इस कार्य में सभी सरकारी अधिकारी और राहत टीम पूरी तरह से जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications