MP: भिंड में हुआ भीषण सड़क हादसा, बस चालकों समेत पांच की मौत कई घायल
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में गुरुवार को दो बसों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में दोनों बसों के चालकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गएं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, हादसा भिंड-गोपालपुरा स्टेट हाइवे स्थित मेंहदा घाट के पास का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामश्याम ट्रेवल्स की बस सवारियां लेकर जालौन से भिंड आ रही थी। मेंहदा घाट मोड़ के पास भिंड से लहार जा रही धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस अचानक सामने आ गई। अचानक आमने-सामने आ जाने से दोनों ही बसों के चालक बसों को नियंत्रित नहीं कर पाए और जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज मेंहदा गांव तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रौन थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। साथ ही ग्रामीणों ने बसों से घायलों को निकालना भी शुरू कर दिया। उधर सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एक मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त
पुलिस के अनुसार हादसे में दोनों बसों के चालकों सहित 5 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की पहचान बस चालक प्रदीप, बस चालक अशोक, आबिद खान, शिवप्रताप उर्फ राजू, शिवराम के रूप में हुई है। जबकि एक मृतक की देर रात तक पहचान नहीं हो सकी।












Click it and Unblock the Notifications