VIDEO: 'अम्मी ने मेरी चॉकलेट चुराई है, जेल में डाल दो...'मां के खिलाफ शिकायत करने थाने पहुंचा 3 साल की मासूम
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक बेहद ही दिल को छू जाने वाला किस्सा सामने आया है। जिले के देड़तलाई में एक बच्चा अपनी मां के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गया। बच्चे ने ना सिर्फ अपनी मां के खिलाफ चोरी की शिकायत लिखवाई बल्कि पिटाई को लेकर भी शिकायत करता नजर आया। बच्चे की मासूमियत देख थाने में मौजूद हर किसी की हंसी निकल गई। (वीडियो नीचे देखें)

काजल ना लगवाने पर हुई पिटाई
दरअसल बुरहानपुर के देड़तलाई गांव का 3 साल का मासूम बच्चा रविवार को अपने पिता के साथ अपनी अम्मी के खिलाफ शिकायत करने थाने पहुंचा था। बच्चे के पिता ने बताया कि, रविवार दोपहर बच्चे की अम्मी इसे नहलाने के बाद काजल लगा रही थीं। उनका बेटा काजल ना लगाने के लिए उन्हें परेशान कर रहा था। जिसके चलते बच्ची की मां ने उसके गाल पर एक प्यारा सा चांटा मार दिया। जिसके बाद बच्चे ने रोना शुरू कर दिया।

पिता ने मजाक में कही थी थाने में शिकायत करने की बात
रोते-रोते बच्चे ने अपने पिता से कहा कि, वह अम्मी की शिकायत पुलिस में करेगा। पिता ने बच्चे को रोने से चुपाने के लिए झूठी हामी भर दी। जिसके बाद बच्चा शांत हो गया। लेकिन मासूम के पिता को क्या पता था बच्चा उनकी बात को इतनी गंभीरता से ले लेगा। शांत होने के बाद उनसे अपने पापा से कहा कि, पुलिस के पास चलो...अम्मी को जेल भेजना है। बच्चे की बात सुनकर पति-पत्नी की हंसी छूट गई।

बच्चे की जिद के चलते पिता थाने लेकर पहुंचा
जिसके बाद बच्चा पुलिस चौकी जाने की जिद करने लगा। बच्चे की जिद देख पिता अपने 3 साल के मासूम को लेकर थाने पहुंचा। बच्चे के पिता ने आगे बताया- चौकी के गेट पर ही चौकी प्रभारी प्रियंका नायक मिल गईं। बच्चे ने उनका हाथ पकड़ा और अपनी मां की शिकायत करने लगा। उन्होंने भी उसका मन रखने के लिए कागज-पेन उठाया और शिकायत लिखने बैठ गईं।

पुलिस में लिखाई ये शिकायत
शिकायत लिखने बैठीं प्रियंका नायक से बच्चे ने कहा कि, अम्मी ने मुझे चांटा मारा है, वह मुझे मारती हैं। मेरी कैंडी और चॉकलेट चुरा लेतीं हैं। मेरे पैसे भी चोरी कर लेतीं हैं। आप अम्मी को जेल में डाल दो। बच्चे की मासूमियत भरी शिकायत सुन थाने में मौजूद लोगों की हंसी छूट गई। एसआई प्रियंका का कहना है कि मासूम की शिकायत सुनकर मैं और थाने का पूरा स्टाफ हंसने लगा। बच्चा काफी शरारती है। बच्चे ने शिकायत पत्र पर आड़ी तिरछी लाइनें लिखकर अपना साइन भी किया है।
घर जाने को तैयार ना था बच्चा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, जिसके बाद हम लोगों ने बच्चे को घर जाने के लिए कहा, लेकिन वह जाने को तैयार ही नहीं था। काफी देर तक समझाने के बाद बच्चा अपने पिता के साथ घर जाने के लिए राजी हुआ। बच्चे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बच्चे की मासूम शिकायत सुनकर हर कोई हंस दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications