IAS दंपत्ति विवाद : पत्नी बोली - हनीमून पर ही खुल गई थी पति की पोल, शादी के 32 साल बाद थाने पहुंचा मामला
लखनऊ, 02 फरवरी: यूपी की राजधानी लखनऊ में शादी के 32 बाद पति पत्नी के बीच एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। मामला एक महिला आईएएस और उसके रिटायर हो चुके आईएएस अधिकारी से जुड़ा हुआ है। रिटायरमेंट से पहले आईएएस पत्नी ने अपने रिटायर्ड हो चुके पति पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने अपने पति पर शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

32 साल पहले हनीमून से शुरू हुआ था विवाद
लखनऊ के गोमती नगर थाने में महिला आईएएस ने अपने रिटायर आईएएस पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों के बीच विवाद 32 साल पहले हनीमून से ही शुरू हो गया था। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके पति शादी के बाद से ही प्रताड़ित करते हैं। तहरीर के मुताबिक, दोनों की शादी 5 मई 1990 को हुई थी। इसके बाद हनीमून के दौरान पति के शारीरिक तौर पर स्वस्थ ना होने की जानकारी हुई।

IAS पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
आईएएस पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति ने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि साल 2004 से उनके पति उनकी पूरी सैलरी खुद हड़प लेते हैं और खर्च के लिए सिर्फ 6 हजार रुपए महीने दे रहे हैं। 2015 में पत्नी के सैलरी अकाउंट में हेराफेरी कर अपना नाम जुड़वा लिया और फिर उसे अकाउंट में फर्जी ईमेल आईडी को जुड़वा कर उसका लेनदेन अपने पास मंगवाने लगे, ताकि अकाउंट में निकाली जा रही रकम की जानकारी ना हो सके।

पत्नी ने कहा- पति ने धोखे से निकाले अकाउंट से पैसे
इसके अलावा महिला के पैसों से खरीदी गई तीन प्रॉपर्टी में भी हेराफेरी कर अपना नाम जुड़वा दिया और खुद उस प्रॉपर्टी के मालिक बन गए। यही नहीं, कोरोना काल के दौरान पत्नी को ब्लैक फंगस हुआ तो उसकी रिपोर्ट छिपाकर गलत दवा दी जाने लगी। कोरोना काल के दौरान अकाउंट से बिना बताए 19.5 लाख रुपए भी निकाल लिए। पत्नी ने बताया कि इन पैसों में से 13.10 लाख शेयर मार्केट में लगा दिए और 6.40 लाख के म्यूचुअल फंड में निवेश कर दिया। पीड़िता का कहना है कि परिवार के बड़े बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद पति ने यह रकम उसे लौटा दी।













Click it and Unblock the Notifications