युद्धग्रस्त यूक्रेन से लौटी उत्तर प्रदेश की छात्रा ने किया मतदान, कहा- 'ये मेरा अधिकार'
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में शनिवार को युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकाली गई छात्रा कृतिका ने वोट डाला।
लखनऊ, 7 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में आज युद्धग्रस्त यूक्रेन से से वापस लौटी छात्रा कृतिका ने वोट डाला। वाराणसी की रहने वाली कृतिका ने मतदान केंद्र पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उसे लगा कि वोट डालना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह युद्धग्रस्त देश से लौटी हैं और उनकी आंखों में अभी भी वही मंजर है। मानसिक रूप से वह अभी भी इसके लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन फिर भी उन्हें लगा की वोट डालना उनकी जिम्मेदारी है।

यूपी में आज चुनाव का आखिरी चरण
बता दें कि सातवें और अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जिले शामिल हैं। यूक्रेन के हालातों पर बात करते हुए कृतिका ने बताया कि वह और उसकी एक दोस्त यूक्रेन के खार्किव शहर से भागकर पोलैंड की सीमा पर पहुंचीं। उन्होंने कहा की रूसी हमलों से खुद की जान बचाते हुए हम पोलैंड की सीमा पर पहुंचे और उसके बाद हमने भारतीय दूतावास के अधिकारियों की मदद ली।
यह भी पढ़ें: चीन ने अपने हजारों नागरिकों से मुंह फेरा, यूक्रेन में उनका हाल क्या है ? जानिए
मोदी जी यहां पढ़ने की अनुमति दें वर्ना यूक्रेन वापस चली जाऊंगी
युद्ध के बाद मेडिकल की पढ़ाई में आई बाधा को लेकर कृतिका ने कहा कि यूक्रेन छोड़कर भारत लौटे छात्रों की पढ़ाई का क्या होगा इस बात को लेकर अभी वह कुछ नहीं कह सकती हैं। उन्होंने कहा कि यदि पीएम हमें यहां अपनी पढ़ाई जारी रखने की अनुमति देते हैं, तो मैं रुक जाऊंगी, वर्ना में वापस यूक्रेन जाने को तैयार हूं।
ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 16,000 छात्र भारत आए
बता दें कि ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 16,000 भारतीयों को यूक्रेन से भारत लाया गया है। खार्किव और सूमी को छोड़कर, यूक्रेन के बाकी क्षेत्रों से लगभग सभी भारतीयों को निकाल लिया गया है। बता दें कि मास्को द्वारा यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुहान्स्क को स्वतंत्र संस्थाओं के रूप में मान्यता देने के तीन दिन बाद रूसी सेना ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला कर दिया था और लगातार ग्यारहवें दिन यह जंग जारी है। यह जंग कहां जाकर रुकेगी अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications