यूपी में कोरोना के एक दिन में 35,614 नए मामले, 25 हजार से ज्यादा लोग हुए ठीक
लखनऊ, अप्रैल 25: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के एक दिन में सामने आने वाले मामलों में कुछ कमी आई है। शनिवार को जहां ये आंकड़ा 38 हजार के पार था, वहीं रविवार को यह घटकर 35 हजार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना के बढ़ते मामलों पर टीम-11 के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 35,614 नए कोविड संक्रमित केस आए हैं, जबकि 25,633 लोग उपचारित होकर डिस्चार्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 7.77 लाख से अधिक लोग अब तक कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। यह सुखद स्थिति 'दवाई भी-कड़ाई भी' के सूत्र को प्रभावी ढंग से अमल में लाने का परिणाम है।

कोरोना मरीज के डिस्चार्ज नॉर्म में बदलाव
इससे पहले शनिवार को प्रदेश में एक दिन में 38,055 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं, 23 हजार 331 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए। वहीं 223 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शनिवार को प्रदेश में 2 लाख 88 हजार 144 एक्टिव मरीजों की संख्या हो गई थी। इस बीच सरकार ने कोविड के मरीजों को डिस्चार्ज करने के लिए नियमों को बदला है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने नए डिस्चार्ज नियमों के तहत कहा कि अगर डॉक्टर को भरोसा है कि मरीज स्वस्थ है और अब वह घर पर रह सकता है, तो डॉक्टर मरीज को डिस्चार्ज कर सकता है।
दोनों स्वदेशी वैक्सीन निर्माता कंपनियों को 50-50 लाख डोज का ऑर्डर
मुख्यमंत्री योगी आदत्यनाथ ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के निःशुल्क टीकाकरण का निर्णय लेने वाला पहला राज्य उत्तर प्रदेश है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक मई से शुरू हो रहे इस वृहद टीकाकरण अभियान के संबंध में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। सीएम ने बताया कि 50-50 लाख डोज का ऑर्डर दोनों स्वदेशी वैक्सीन निर्माता कंपनियों को भेज दिया गया है। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। वैक्सीन वेस्टेज न हो, यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें।












Click it and Unblock the Notifications