गैंगस्टर की बीवी, मॉडल तो कहीं देवरानी-जेठानी के बीच जंग, यूं दिलचस्प बना यूपी में पंचायत चुनाव
लखनऊ, अप्रैल 13: उत्तर प्रदेश में चार चरणों में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। पहले चरण के मतदान 15 अप्रैल को होने हैं, जबकि 2 मई को परिणामों की घोषण की जानी है। चुनावी मैदान में उतरे कई प्रत्याशियों ने इसे दिलचस्प बना दिया है। कई चेहरे ऐसे हैं, जिसपर सभी की निगाहें टिकी हैं। इसमें बाराबंकी से चार बार सांसद व तीन बार विधायक रहे राम सागर रावत, फतेहपुर सीकरी से सांसद रह चुकी सीमा उपाध्याय, मिस इंडिया प्रतियोगिता में रनर-अप रहीं मॉडल दीक्षा सिंह के साथ-साथ गैंगस्टर धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला के नाम शामिल हैं। पंचायत चुनाव में चुनावी ताल ठोकने उतरे इन हाई-प्रोफाइल चेहरों ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। आइए इन हाईप्रोफाइल प्रत्याशियों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

राम सागर रावत
बाराबंकी से चार बार सांसद और तीन बार विधायक रहे राम सागर रावत अब जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में हैं। रावत मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में शुमार हैं। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सिद्धौर (चतुर्थ) क्षेत्र से वह जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ेंगे। राम सागर रावत ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह बीजेपी प्रत्याशी उपेंद्र सिंह रावत से चुनाव हार गए थे। इससे पहले वह वर्ष 1989, 1991, 1996 और 1999 में बाराबंकी लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। रामसागर रावत के बेटे राम मगन रावत भी 2 बार समाजवादी पार्टी से विधायक रह चुके हैं। दिप्रिंट से हुई बातचीत में राम सागर रावत ने कहा, 'मैं बचपन से ही गांवों के लिए कुछ करना चाहता था। ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में समय बिताता हूं, और इसीलिए पंचायत चुनाव लड़ रहा हूं। एक और कारण यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का आधार मजबूत करना है।'

सीमा उपाध्याय
हाथरस जिले के कद्दावर नेता व सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय की पत्नी व पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय जिला पंचायत के वार्ड नंबर 14 से सदस्य पद का चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने कोई और नहीं बल्कि उनकी देवरानी व पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी रितु उपाध्याय खड़ी हैं। ऐसे में पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के साथ-साथ मुकुल उपाध्याय की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। सीमा उपाध्याय जहां निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं, वहीं, रितु को बीजेपी का समर्थन प्राप्त है। एक परिवार की दो महिलाएं एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, जिससे चुनाव दिलचस्प हो गया है।

श्रीकला सिंह
बाहुबली और जौनपुर से पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह भी इस बार चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने सिकरारा विकास खंड के वार्ड 45 से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया है। इससे पहले श्रीकला ने जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट के उपचुनाव में भी पर्चा दाखिल किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया था। बता दें, हाल ही में धनंजय सिंह ने कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह गुपचुप ढंग से रिहा हो गया। फिर साथियों संग फरार हो गया। लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस धनंजय को रिमांड पर लेने के लिए वारंट बी फतेहगढ़ जेल भेजा था, जो शायद देरी से जेल पहुंचा था। अब पुलिस फिर से धनंजय की तलाश जुटी है।

मॉडल दीक्षा सिंह
मिस इंडिया 2015 की रनर-अप दीक्षा सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जौनपुर में वार्ड नंबर 26 से जिला पंचायत सदस्य के रूप में चुनाव लड़ रही है। वह चुनाव क्यों लड़ रही हैं? इस सवाल के जवाब में दीक्षा ने मीडियाकर्मियों से कहा कि उन्हें अपने गृहनगर के लिए कुछ करने की जरूरत महसूस हो रही थी। जौनपुर जिला विकास से कोसों दूर है, इसलिए वह पंचायत चुनाव लड़ने के लिए मैदान में हैं, ताकि कुछ बदलाव ला सकें।

कुलदीप सेंगर की पत्नी भी मैदान में थीं, लेकिन...
बता दें, बीते रविवार तक उन्नाव रेप मामले में दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर भी मैदान में थीं, लेकिन इसे लेकर हो रही आलोचना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने ने उनका नाम वापस ले लिया था।












Click it and Unblock the Notifications