Uttar Pradesh : विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्य आज लेंगे शपथ, CM योगी नेता सदन के रूप में सबसे पहले लेंगे Oath
लखनऊ, 28 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्य आज सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले सदन के नेता के रूप में शपथ लेंगे और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव विधायक पद की शपथ लेंगे।

Recommended Video
उत्तर प्रदेश की अठारहवीं विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों का शपथग्रहण समारोह आज से शुरू होगा। सदस्यों को सोमवार और मंगलवार को विधानसभा मंडप में सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेता सदन के रूप में सबसे पहले शपथ लेंगे।
निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा के पांच वरिष्ठ सदस्यों को नामित किया है। इन पांच सदस्यों में भाजपा के सुरेश कुमार खन्ना, रामपाल वर्मा, जय प्रताप सिंह व फतेह बहादुर सिंह और सपा के माता प्रसाद पांडेय शामिल हैं। फतेह बहादुर सिंह को छोड़ शेष नामित सदस्यों को राज्यपाल 26 मार्च को राजभवन में शपथ दिला चुकी हैं।
बता दें, नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इससे पहले सुबह 10:30 पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में मीडिया को भी संबोधित करेंगे। परंपरा के अनुसार, सोमवार को विधानसभा मंडप में सबसे पहले नेता सदन के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के तौर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शपथ लेंगे। फिर शपथ लेने से छूटे नामित सदस्य फतेह बहादुर सिंह शपथ लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications