यूपी: पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 36 नए केस, 73 मरीज हुए ठीक
लखनऊ, 27 जुलाई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोक भवन, लखनऊ में कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने बैठक में टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक 6 करोड़ 45 लाख 02 हजार 956 कोविड सैंपल की जांच की जा चुकी हैं। बीते 24 घंटे में 02 लाख 25 हजार 09 कोविड सैंपल की जांच की गई, जिनमें 36 नए मरीजों की पुष्टि हुई। जबकि इस दौरान 73 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए।

54 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं मिला
प्रदेश के 54 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 21 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। कुल 508 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर 98.6% है। बैठक में बताया गया कि 16 लाख 84 हजार से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
प्रदेश में कोरोना के 798 एक्टिव केस
प्रदेश के 11 जिलों में आज कोरोना के एक भी एक्टिव केस नहीं है। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 798 रह गई है। सीएम योगी ने कहा कि यह संतोषप्रद है कि प्रतिदिन ढाई लाख से तीन लाख टेस्ट होने के बावजूद नए केस की संख्या में प्रतिदिन गिरावट हो रही है। बता दें, प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 0.01 फीसदी तक आ गई है। अलीगढ़, बदायूं, बस्ती, बहराइच, एटा, फतेहपुर, हमीरपुर, हाथरस, कासगंज, महोबा और श्रावस्ती में अब कोविड का एक भी मरीज नहीं बचा है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। सीएम योगी ने कहा कि ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति से कोरोना पर हुए प्रभावी नियंत्रण को बनाए रखने में जनसहयोग बहुत आवश्यक है। यह जरूरी है कि संयम और जागरूकता का क्रम सतत बना रहे। सभी प्रदेशवासी कोविड अनुकूल व्यवहार को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications