यूपी चुनाव : टिकट कटने के बाद स्वाति सिंह बोलीं- मैं BJP का हिस्सा हूं और आजीवन रहूंगी
लखनऊ, 02 फरवरी: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर उत्तर प्रदेश की मंत्री और बीजेपी नेता स्वाति सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि पार्टी को जो भी निर्णय है वो अच्छा सोच के ही लिया गया होगा। मैं बीजेपी का हिस्सा हूं और आजीवन बीजेपी का हिस्सा रहूंगी। सरोजनी नगर से टिकट न मिलने के बाद स्वाति सिंह मीडिया को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का सम्मान करती हूं। भाजपा ने जो पांच साल मुझे सेवा करने का अवसर दिया। इसके लिए पार्टी नेतृत्व का आभार।

बीजेपी छोड़ने के सवाल पर क्या बोलीं स्वाति सिंह ?
स्वाति सिंह ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जीना यहां, मरना यहां। स्वाति सिंह ने पति के साथ विवाद की वजह से टिकट कटने के सवाल पर कहा कि कोई विवाद नहीं है। स्वाति सिंह ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ता के रूप में आजीवन काम करती रहेंगी। सपा में जाने की अटकलों पर स्वाति ने कहा, ''मैं 17 साल की थी तब विद्यार्थी परिषद जॉइन किया था। मेरे रोम-रोम में बीजेपी है। मैं यहीं रहूंगी और यहीं मरूंगी। सगंठन भविष्य में जो भी जिम्मेदारी देगी, निष्ठा के साथ निभाऊंगी।''
बीजेपी ने सरोजनीनगर सीट से राजेश्ववर सिंह को दिया टिकट
बीजेपी ने लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से राजेश्वर सिंह को टिकट दिया गया है। राजेश्वर सिंह ईडी के जॉइंट डायरेक्टर रहे हैं। वे हाल ही में वीआरएस लेकर बीजेपी में शामिल हुए हैं। इस सीट से योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह विधायक थीं। साथ ही उनके अलावा उनके पति दयाशंकर सिंह भी इस सीट से टिकट मांग रहे थे, लेकिन बीजेपी ने इस बार स्वाति सिंह और उनके पति दोनों का ही टिकट काट दिया। उधर, समाजवादी पार्टी ने बुधवार को यूपी चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा को सरोजनी नगर से मैदान में उतारा गया है।












Click it and Unblock the Notifications