यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की रिपोर्ट आई कोरोना संक्रमित, आवास में खुद को किया होम क्वारंटीन
लखनऊ। कोरोना वायरस का संक्रमण उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2515 नए मामले सामने आए है। वहीं, अब इस कोरोना वायरस की जद में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री राजा जय प्रताप सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद वो लखनऊ स्थित अपने ही आवास में होम क्वारंटीन हो गए हैं।
Recommended Video

दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की तबीयत गुरुवार को खराब हुई थी, जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट कराया गया था। स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आ गई है। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ में ही हैं और अपने आवास में होम क्वारंटीन हो गए हैं। मीडिया से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, मैं जल्दी ही स्वस्थ हो जाऊंगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस तेजी से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 2,529 नए मामले सामने आए हैं। उधर, झांसी जिला कारागार में भी 120 कैदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद हड़कंप मच गया। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस समय प्रदेश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 21,003 है, जबकि 35,803 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
वहीं, कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1,298 पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि कल प्रदेश में 54,897 सैंपल की जांच की गई, अब तक कुल 16,54,651 सैंपल की जांच की जा चुकी है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के गंभीर रोगियों के उपचार में प्लाज्मा थेरेपी का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रैपिड एंटीजन टेस्ट की संख्या में वृद्धि करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications