Kalyan Singh को देखने अस्पताल पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व सीएम ने दिया आशीर्वाद
लखनऊ, 12 जुलाई: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) पहुंचीं। यहां वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मिलीं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। स्मृति ईरानी को अपने पास देखकर कल्याण सिंह भावुक हो गए। उन्होंने स्मृति ईरानी को आशीर्वाद भी दिया। यूपी सरकार के चिकित्सा शिक्षा और वित्त व संसदीय मामलों के मंत्री सुरेश खन्ना ने भी रविवार रात पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। बता दें, कल्याण सिंह की निगरानी में कार्डियोलॉजी, न्यूरो, नेफ्रोलॉजी व क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की टीम 24 घंटे लगी हुई है।

कल्याण सिंह की हालत पहले से बहुत बेहतर
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पिछले दो सप्ताह से एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में भर्ती हैं। अस्पताल के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, कल्याण सिंह की हालत पहले से बहुत बेहतर है। वह अब बातचीत कर पा रहे हैं। वह हेमोडायनामिक रूप से स्थिर हैं। उनके शरीर का संक्रमण पहले के मुकाबले काफी कम हुआ है। पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमन लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन सामान्य है।
सीएम योगी लेते रहते हैं हालचाल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार अस्पताल पहुंचकर कल्याण सिंह का हालचाल ले चुके हैं। पिछले दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कल्याण सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहते हैं। यूपी सरकार के चिकित्सा शिक्षा और वित्त व संसदीय मामलों के मंत्री सुरेश खन्ना ने भी रविवार रात पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। बता दें, कल्याण सिंह को बीती 4 जुलाई को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले यहां के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications