Sikkim Army Truck : CM योगी ने जताया दुख, कहा - भारत के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है।

नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार को सेना का ट्रक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 16 जवान शहीद हो गए हैं। इस हादसे में चार जवान घायल भी हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ''सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में सेना के जवानों का निधन अत्यंत दु:खद व पीड़ादायक है। भारत के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।''
सड़क हादसे में 16 जवानों की मौत
भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 23 दिसंबर 2022 को जेमा, उत्तरी सिक्किम में सेना के एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। इस दुखद सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 16 वीरों ने अपनी जान गंवाई है। सेना ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था।
स्लिप होकर खाई में गिरा था ट्रक
सेना के अनुसार, जेमा के रास्ते में वाहन एक तीव्र मोड़ पर स्लिप होकर ट्रक नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, "उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना (Indian Army) के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications