अखिलेश यादव को JPNIC में जाने से रोका गया, बिछाए गए तार, चाचा शिवपाल भी भड़के, जानें क्या कहा?
jpnic lucknow hindi news: लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश यादव को लखनऊ स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (JPNIC) में प्रवेश न देने और बैरिकेडिंग करने से सपा नेता बेहद नाराज हैं।
लखनऊ प्रशासन द्वारा अखिलेश यादव के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई है। इतना ही नहीं अखिलेश यादव के घर के बाहर भीड़ को रोकने के लिए तार वाली जाली भी लगाई गई है।

इस सबका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता भाजपा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुद भी इस मामले में सोशल साइट्स पर कई पोस्ट लिखे हैं।
इसे भी पढ़ें- JPNIC छावनी में तब्दील, जानिए अखिलेश यादव को क्यों रोक रहा प्रशासन? LDA ने दी सफाई
शिवपाल यादव भी हुए नाराज
अखिलेश यादव को जेपीएनआई में प्रवेश न दिए जाने, गेट पर टीन शेड लगाने और जगह-जगह बैरिकेडिंग करते हुए भारी संख्या में पुलिस बल्कि तैनाती किए जाने के बाद शिवपाल यादव भी नाराज दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने सोशल साइट पर पोस्ट लिखा है।
सोशल साइट एक्स पर शिवपाल यादव ने लिखा है "सत्ता के मद में चूर भाजपा लोकतंत्र की बैरिकेडिंग करना चाहती है । सत्ता का तंत्र कभी लोक के तंत्र पर भारी नहीं हो सकता। अतीत से सबक लीजिए सरकार! लोकतंत्र में तानाशाही लंबी नहीं चलती।"

इसके अलावा शिवपाल यादव ने दो वीडियो भी शेयर किए हैं। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी काफी सक्रिय नजर आ रही है और भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। प्रशासन भले ही पूरी तरह से मुस्तैद है, लेकिन सपा नेता भी अपनी जिद पर अड़े हुए हैं।
अब देखना यह है कि क्या अखिलेश यादव इस बार भी जयप्रकाश नारायण की जयंती पर JPNIC में प्रवेश कर पाते हैं या पुलिस प्रशासन उन्हें रोकने में सफल हो जाता है। फिलहाल अखिलेश यादव को जेपीएनआईसी में प्रवेश न दिए जाने से यूपी का सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है।












Click it and Unblock the Notifications