JPNIC छावनी में तब्दील, जानिए अखिलेश यादव को क्यों रोक रहा प्रशासन? LDA ने दी सफाई
JPNIC Akhilesh Yadav News Today: लोकनायक जयप्रकाश नारायण की आज जयंती है। ऐसे में लखनऊ में निर्माणाधीन लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेशनल कन्वेंशन सेंटर अर्थात JPNIC में स्थित जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर अखिलेश यादव माल्यार्पण करने के लिए 10 बजे जाएंगे।
अखिलेश यादव के जेपीएनआईसी पहुंचने से पहले ही गुरुवार रात को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने जेपीएनआईसी के गेट को टिन शेड से ढक दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद अखिलेश यादव रात में ही जेपीएनआईसी पहुंच गए।

Recommended Video
रात में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को वहां से वापस लौटना पड़ा। उसके बाद अखिलेश यादव ने सरकार पर कई आरोप लगाए। सांसद अखिलेश यादव द्वारा सोशल साइट एक्स पर भी मैसेज लिखा गया तथा वीडियो भी शेयर किया गया।
इस मामले में एलडीए की ओर से लिखा गया एक पत्र सामने आया है। यह पत्र एलडीए यानी लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम को भेजा गया है जिसमें जानकारी दी गई है कि आखिर अखिलेश यादव को जेपीएनआईसी जाने से क्यों रोका जा रहा है?
एलडीए ने क्या सफाई दी है?
दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम द्वारा जयप्रकाश नारायण की जयंती पर जेपीएनआईसी में अखिलेश यादव के भ्रमण के लिए एक पत्र लिखा गया था। इस पत्र का जवाब देते हुए एलडीए ने अखिलेश यादव को वहां भ्रमण की अनुमति नहीं दी और कारण भी बताया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जारी लेटर में बताया गया है कि जय प्रकाश नारायण कनवेन्शन सेन्टर परियोजना अभी निर्माणाधीन है जिसके कारण निर्माण सामग्री अनियोजित रूप से रखे होने एवं वर्षा ऋतु के कारण आवांछित जीव-जन्तु पाये जाने की सम्भावना के कारण स्थल अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश, जो जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, की सुरक्षा की दृष्टि से माल्यार्पण/भ्रमण किया जाना उपयुक्त नहीं पाया गया है।
एलडीए द्वारा रोके जाने के बाद भी अखिलेश यादव लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेशनल कन्वेंशन सेंटर में प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए जाना चाहते हैं। ऐसे में जेपीएनआईसी के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जेपीएनआईसी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब देखना यह है कि क्या अखिलेश यादव पिछली बार की तरह इस बार भी जेपीएनआईसी प्रवेश कर पाएंगे या उन्हें रोक लिया जाएगा।

पिछले साल गेट फांदकर घुसे थे अखिलेश यादव
यह भी बता दें कि पिछले साल जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश यादव जेपीएनआईसी में जाना चाहते थे लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दी गई थी। उसके बाद अखिलेश यादव जेपीएनआईसी के गेट को फांदकर अंदर प्रवेश कर गए थे।












Click it and Unblock the Notifications