यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना, BJP को 'सिखाएगी सबक'
लखनऊ, 12 सितंबर: शिवसेना ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। पार्टी ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा,'शिवसेना प्रदेश की आवाज बन जनता के बीच जायेगी, शिवसेना सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारकर बीजेपी को सबक सिखाएगी।' पार्टी ने अभी तक किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं किया है, लेकिन गठबंधन की संभावना का संकेत दिया है।

शिवसेना ने लगाया यूपी में जंगल राज होने का आरोप
प्रेस रिलीज में शिवसेना ने कहा, 'प्रदेश में जंगल राज है। चिकित्सा व्यवस्था का बुरा हाल है। स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी स्कूलों में 15 फीसदी फीस माफ नहीं हुई। बेरोजगारी और महंगाई का अंबार है। नौजवान पलायन कर रहे हैं। किसानों, ब्राह्मणों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। शिवसेना प्रदेश की आवाज बन जनता के बीच जाएगी और सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर बीजेपी को सबक सिखाएगी।'
Recommended Video
प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक के लिया गया फैसला
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने का यह फैसला शिवसेना ने लखनऊ में प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद लिया। इस बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था के बुरे हाल हैं। कोविड में लाशों को जलाने का साधन तक नहीं मिला। अनिल सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगल राज कायम है। बहन-बेटियों की असमत लूटी जा रही है। शिवसेना ने प्रदेश सरकार ब्राह्मणों के साथ भी दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। बता दें, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में हो सकते हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा ने 403 में से 312 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सपा और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। सपा ने 47, जबकि कांग्रेस 7 सीटों पर ही सिमट गई थी। मायावती की बसपा 19 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।












Click it and Unblock the Notifications