उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों में भारी गिरावट, 13 जिलों में एक भी केस नहीं
कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट के चलते उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या मंगलवार को 352 रह गई।
लखनऊ, 25 अगस्त। कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट के चलते उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या मंगलवार को 352 रह गई। यह संख्या कोरोना की पहली पहल के दौरान मार्च 2020 के अंतिम हफ्ते में मिले कोरोना के मामलों के बराबर है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि पिछले 24 घंटों में जहां 28 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं इसी अवधि में 34 लोगों ने इस संक्रमण पर विजय पाई। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार उत्तर प्रदेश के 17 जिलों से ये 28 केस सामने आए हैं। राज्य के 13 जिलों में कोरोना का एक भी केस नहीं मिला है जबकि मात्र 6 जिलों में कोरोना के 15 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं।

उत्तर प्रदेश में मंगलवार रात 8 बजे तक 6.51 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, इनमें से 5.49 करोड़ लोगों को कोरोना का पहला टीका जबकि 1.04 करोड़ लोगों को कोरोना का दूसरा टीका लगाया जा चुका है। वहीं अगर बाद देश भर की करें तो भारत में एक बार फिर से कोरोना वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गी है। बुधवार को देश भर में कोरोना के 37 हजार नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 37,593 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 34,169 लोग कोरोना से ठीक भी हुए। इसी के साथ देश में कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 97.67% हो गया है।
यह भी पढ़ें: कोरोना पर एक और वार: भारत ने टीकाकरण में पार किया 60 करोड़ का आंकड़ा
वर्तमान में देश के लिए केरल सबसे अधिक चिंता का कारण बना हुआ है, केरल से सबसे अधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो देश में अब तक कोरोना के 3 करोड़, 25 लाख 12 हजार, 366 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं कोरोना से ठीक हुए लोगों की संख्या 3 करोड़, 17 लाख, 54 हजार 281 पहुंच गई है। फिलहाल पूरे देश में कोरोना के 3 लाख 22 हजार 327 सक्रिय मामले हैं। वहीं अभी तक 4 लाख 35 हजार 758 लोगों को कोरोना के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications