नगराम हादसा: सात बच्चों के शव बरामद, 35 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ के नगराम इलाके में दर्दनाक हादसे में इंदिरा नहर में बहे 7 बच्चों के शवों को बरामद कर लिया गया है। इसके लिए करीब 35 घंटे तक प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नगराम में शादी समारोह के बाद वापस बाराबंकी लौट रहे 29 लोगों से भरा वाहन इंदिरा नहर में गिर गया था जिसमें सात बच्चे लापता हो गए थे। 35 घंटे की तलाशी के बाद सभी बच्चों की लाशों को नहर से निकाला गया।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर सर्विस व गोताखोरों को लगाया गया था, जिसमें स्थानीय गोताखोरों और थाना पुलिस का भी विशेष योगदान रहा। वाहन मे सवार बच्चे इंदिरा नहर के तेज़ बहाव मे करीब 400 मीटर दूर तक बह गए थे, जिन्हें रेस्क्यू आपरेशन में लगी टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ़ निकाला।
चालक की तलाश में दबिश से रही पुलिस
अब पुलिस पिकअप (यूपी 32 एलएन 2608) के आरोपी चालक दुर्गेश की तलाश में जुटी हुई थी जो नशे की हालत में दूसरी बुकिंग की लालच में तेज़ रफ्तार से पिकअप गाड़ी चला रहा था। पिकअप गाड़ी के चालक देवी उर्फ दुर्गेश के खिलाफ नगराम थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इन्स्पेक्टर नगराम ने बताया कि लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने वाले फरार चालक दुर्गेश की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होने बताया कि अभी ये पुष्टि नही हुई है कि हादसे के समय चालक नशे मे था या नहीं हालाकि पिकप में सवार लोगों के अनुसार चालक नशे मे था।












Click it and Unblock the Notifications