अखिलेश के चुनाव न लड़ने की खबरों को सपा ने बताया भ्रामक, पार्टी प्रवक्ता बोले- अभी तय नहीं हुआ है
लखनऊ, 02 नवंबर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। वहीं, पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव के बयान का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश चुनाव लड़ेंगे या नहीं, अभी तय नहीं हुआ है। अखिलेश के विधानसभा चुनाव न लड़ने के बयान के बाद सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने इस बात को भ्रामक बताया है।

सपा प्रवक्ता ने कहा- अखिलेश चुनाव लड़ेंगे या नहीं, ये पार्टी तय करेगी
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अभी न तो कोई बैठक हुई है, न ही तय हुआ कि कहां से कौन चुनाव लड़ेगा। ऐसे में यह कैसे तय हो गया कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। अखिलेश यादव इस बार चुनव लड़ेंगे या नहीं, यह पार्टी अभी तय करेगी। बता दें, आजमगढ़ सांसद अखिलेश यादव ने सोमवार को एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू के दौरान विधानसभा चुनाव 2022 नहीं लड़ने की बात कही थी।
शिवपाल की पार्टी से गठबंधन में कोई मुश्किल नहीं: अखिलेश
इस इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर कहा कि प्रसपा से गठबंधन में कोई मुश्किल नहीं है। उन्हें उनका सम्मान मिलेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह छोटी पार्टियों से गठबंधन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के लिए उनकी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के बीच गठबंधन के बाद सीटों को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है।
सपा विधायक सुभाष पासी को पार्टी से किया निष्कासित
सपा विधायक सुभाष पासी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों की बीच पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडर से मंगलवार को ट्वीट कर जानकारी दी गई कि गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा से सपा विधायक सुभाष पासी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications