HC की चुनाव स्थगित करने की अपील को राम गोपाल यादव ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा- SC करे कार्रवाई
लखनऊ, 24 दिसंबर: इलाहाबाद हाईकोर्ट की चुनावी रैली और चुनाव को स्थगित करने की अपील को समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के लोग इस तरह के फैसले देंगे। मेरी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट इस पर स्वत: संज्ञान ले और इस तरह के निर्देश देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे। बता दें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को चुनाव आयोग से चुनावी रैलियों पर रोक लगाने की अपील की थी। इसके साथ ही कोर्ट ने आयोग को आगामी विधानसभा चुनाव टालने के लिए भी कहा था।

जज ने आग्रह करते हुए कहा- जान है तो जहान है
दरअसल, देशभर में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसको देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यूपी चुनाव टालने और रैलियों पर तुरंत पाबंदी लगाने का का आग्रह किया था। हाईकोर्ट के जज शेखर यादव ने आग्रह करते हुए कहा है कि जान है तो जहान है। अगर रैलियों को नहीं रोका गया तो परिणाम दूसरी लहर से भी बदतर होंगे। जज ने कहा कि यूपी चुनाव 1 से 2 महीने टाले जाएं। चुनावी रैलियों पर तुरंत पाबंदी लगे। कोर्ट ने एक जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आग्रह किया।
चुनाव आयोग ने दिया ये जवाब
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने विधानसभा चुनाव स्थगित करने को लेकर कहा कि हम अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश जाएंगे। हालात का जायजा लेने के बाद उचित फैसला लिया जाएगा। बता दें, देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को राजधानी दिल्ली में समीक्षा बैठक की, जिसमें नए वेरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए सतर्कता और तमाम उपाय करने पर जोर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications