प्रियंका का योगी सरकार पर वार, कहा- यूपी में अपराध के आंकड़े डरावने हैं
लखनऊ, 30 नवंबर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने अखबार में छपी खबर को शेयर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की दूरबीन के ढोल सुहावने हैं। लेकिन असलियत में यूपी में अपराध के आंकड़े डरावने हैं। प्रियंका ने कहा कि जब सीएम के क्षेत्र में ये हाल है तो बाकी प्रदेश का हाल आप समझ सकते हैं।

प्रियंका ने कहा- भाजपा की दूरबीन के ढोल सुहावने हैं...
प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट में लिखा, ''भाजपा की दूरबीन के ढोल सुहावने हैं, लेकिन असलियत में यूपी में अपराध के आंकड़े डरावने हैं। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में कानून व्यवस्था अपराधियों के सामने सरेंडर है, बाकी प्रदेश का हाल आप समझ सकते हैं।'' इससे पहले प्रियंका गांधी ने यूपी टीईटी परीक्षा पेपर लीक मामले में यूपी सरकार को आड़े हाथों लिया था। प्रियंका ने एक ट्वीट में लिखा था, ''भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। आज यूपी टेट का पेपर आउट होने की वजह से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया। हर बार पेपर आउट होने पर @myogiadityanath जी की सरकार ने भ्रष्टाचार में शामिल बड़ी मछलियों को बचाया है, इसलिए भ्रष्टाचार चरम पर है।''
सात दिनों में सात हत्याओं से दहला गोरखपुर
दरअसल, एक अखबार में छपी खबर के मुताबिक, सीएम सिटी गोरखपुर में 7 दिनों में हत्या की सात वारदातें सामने आईं। रविवार की शादी समारोह के दौरान दुल्हन के चचेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि रामनगर विशुनपुर के रहने वाले शेषनाथ सिंह की बेटी प्रियंका की शादी गोरखनाथ इलाके के रिमझिम मैरिज हॉल में रविवार की रात थी। शादी में पीपीगंज इलाके के रामपति चौधरी के बेटे गौरव की बारात आई थी। इसी दौरान डीजे बंद करवाने को लेकर युवक की हत्या कर दी गई। उधर, झंगहा थाना क्षेत्र के जददुपुर गांव में रविवार दोपहर पुराने विवाद में चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications