गाड़ियों पर डैड्स गिफ्ट लिखवाना पड़ा महंगा, लखनऊ पुलिस ने काटा चालान
लखनऊ। यूपी के लखनऊ में शहर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यूपी पुलिस लगातार चेकिंग अभियान और जागरूकता अभियान चलाती रहती है। इसी कड़ी में रविवार को राजधानी लखनऊ में दो पहिया वाहनों को लेकर एक अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने न केवल बिना हेलमेट वालों पर सख्ती दिखाई बल्कि बाइक और स्कूटी पर नाम और अन्य लाइन्स लिखवाने वालों पर भी सख्ती करते हुए चालान काट दिए।

चलाया गया चेकिंग अभियान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने एक बार फिर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रविवार को अभियान चलाया। इनमें कुछ ऐसे युवक भी धरे गए जो गाड़ी के नम्बर प्लेटों पर डैड्स गिफ्ट लिखवाकर घूम रहे थे। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूटी पर बिना हेलमेट फर्राटा भर रही युवतियों का भी चालान काटा।

कुल 175 गाड़ियों के किए गए चालान
इस बाबत पुलिस ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था बिना जनता के सहयोग के सुधारना मुश्किल है। इसके लिए सभी को मिल कर सहयोग करना होगा। वहीं इस दौरान एएसपी ने बताया कि रविवार को 175 चस्पा चालान और दो ऑटो सीज किए गए। कई चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की जिसमें ज्यादातर बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

डैड्स गिफ्ट लिखवाना पड़ा महंगा
सीओ अभय कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश के बाद हजरतगंज से चारबाग तक अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान वाहनों की नंबर प्लेट नंबर स्पष्ट न लिखे होने और गाड़ी पर डैड्स गिफ्ट या मॉम्स गिफ्ट लिखा मिला। ऐसे लोगों को इसे सही करवाने की हिदायत दी गई, वहीं 62 ई चालान किए गए और 100 चस्पा किए गए।












Click it and Unblock the Notifications