मुलायम ने नरेश अग्रवाल और किरणमय नंदा को भी पार्टी से निकाला
मुलायम सिंह ने नरेश अग्रवाल और किरणमय नंदा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि नंदा रविवार सुबह राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए थे और उसकी अध्यक्षता की थी।
लखनऊ। नए साल के पहले दिन भी समाजवादी पार्टी में छिड़ी वर्चस्व की जंग का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए सपा सांसद नरेश अग्रवाल और किरणमय नंदा को पार्टी से निकाल दिया है। मुलायम सिंह ने नरेश अग्रवाल और किरणमय नंदा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि नंदा रविवार सुबह राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए थे और उसकी अध्यक्षता की थी।

साथ ही मुलायम सिंह ने रविवार को राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव को पार्टी से तीन दिन में दूसरी बार 6 साल के लिए बाहर कर दिया है। पार्टी से निकाले जाने के बाद नंदा ने कहा, 'जिसकी कोई हैसियत नहीं है वो क्या किसी को निकालेगा? कुछ लोग नेताजी को उहापोह में रख रहे हैं।' वहीं नरेश अग्रवाल ने भी मुलायम सिंह यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'नेताजी ने पार्टी को बनाया, लेकिन ऐसा नहीं की पार्टी में जो नेताजी (मुलायम) कहेंगे वही होगा। लोकतंत्र होता है।'
उन्होंने कहा, 'नेताजी मोदी की तारीफ करना बंद करें, और अपने बेटे की अगर तारीफ करें तो वो ज्यादा अच्छा होगा।' रामगोपाल ने कहा कि पानी जब सिर से ऊपर निकल गया तब पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने विशेष अधिवेशन बुलाने की मांग लिखकर दी थी। हमने दो महीने तक सुधार का इंतजार किया. तब यह निर्णय लिया गया कि पार्टी का विशेष आपातकालीन अधिवेशन बुलाया जाए। मालूम हो कि एसपी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने गत शुक्रवार को रामगोपाल द्वारा एक जनवरी को एसपी का राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन बुलाये जाने के बाद रामगोपाल के साथ-साथ अखिलेश को भी पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications