शराब के लिए नहीं दिए पैसे, पति ने पत्नी को तीसरी मंजिल से दिया धक्का, मौत
लखनऊ। नशेड़ी वार्ड ब्वॉय ने पत्नी से हुए विवाद के बाद उसकी पिटाई कर उसे तीसरी मंजिल से फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी के चरित्र पर शक करता था
माल सीएचसी में कई वर्षों से वार्ड ब्वॉय के पद पर तैनात घनश्याम परिसर में बने आवास में पत्नी दीपमाला (38) व छोटे बेटे अंश (13) के साथ रहता था। बड़ा बेटा आयुष (15) अपने ताऊ के साथ आलमबाग लखनऊ में रहता है। घनश्याम शराब पीने का आदी था जो अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। अक्सर दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट होती थी। शुक्रवार रात लगभग आठ बजे घनश्याम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से एक हजार रुपए की मांग करने लगा। पत्नी ने रुपए देने से इनकार कर दिया, जिसपर घनश्याम गुस्से से आग बबूला हो पत्नी की पिटाई करने लगा।

तीसरी मंजिल से पत्नी को दिया धक्का
यह देख बेटा अंश बीच बचाव करने पहुंच गया तो उसकी भी पिटाई कर उसे कमरे में बंद कर दिया। इसी बीच मौका पर दीपमाला जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल पर जाकर छिप गई। पीछे से घनश्याम भी छतपर पहुच गया जहां भी उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है इसी बीच घनश्याम ने पत्नी दीपमाला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसका दाहिना पैर कई जगह से टूट गया शरीर में गंभीर चोट आने से उसने दम तोड़ दिया। चीख पुकार सुन पड़ोसी व रात की ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कसफुद्दीन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर घटना की जानकारी अधीक्षक केडी मिश्रा को दी। उन्होंने अस्पताल परिसर में हुई घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना पर मायके वाले भी पहुंच गए। मृतका के भाई मनोज कुमार ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पति पर दर्ज हुआ था दहेज उत्पीड़न का केस
मृतका के भाई मनोज कुमार के अनुसार, पहले भी रुपए की मांग को लेकर पति सहित परिवार के अन्य लोग महिला को मारते पीटते थे, जिससे आहत होकर 2007 में महिला ने पति घनश्याम, ननद माधुरी, देवर सुनील व प्रेम के विरुद्ध न्यायालय में वाद दाखिल हुआ किया था, जिसमें आपसी समझौता होने पर महिला ने मुकदमा वापस ले लिया था।












Click it and Unblock the Notifications