लखनऊ: रेलवे पुल के पास बोरे में मिला युवक का धड़, सिर-हाथ और पैर गायब
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नौबस्ता रेलवे पुल के पास एक बोरी में युवक का धड़ पड़ा मिला। उसके सिर, हाथ और पैर गायब हैं। धड़ मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की मानें तो युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी। फिलहाल घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई है।

एसीपी काकोरी सैय्यद मोहम्मद कासिल आबिदी ने बताया कि हरदोई रोड स्थित नौबस्ता गांव रेलवे पुल के पास शनिवार रात करीब एक बजे पेट्रोलिंग कर रहे ट्रैकमैन ज्ञानेंद्र रावत ने एक सीमेंट की बोरी पड़ी देखी थी। बोरी से खून रिस रहा था। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची काकोरी पुलिस ने जब बोरी को खोला तो उसके अंदर एक युवक का धड़ रखा था। उसके सिर, हाथ और पैर गायब थे। युवक की किसी धारदार हथियार से वारकर हत्या की गई थी।
शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश कर रही है पुलिस
पुलिस ने आसपास के लोगों को धड़ की पहचान के लिए बुलाया, लेकिन गांव के लोग धड़ को पहचान नहीं सके। पुलिस ने छानबीन के बाद धड़ को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का मानना है कि युवक की उम्र 22 से 25 साल के बीच में है। एसीपी काकोरी ने बताया कि युवक की पहचान के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं हैं। आशंका है कि युवक का शव चलती ट्रेन से फेंका गया है। अब उस रूट पर पड़ने वाले सभी थानों की पुलिस से संपर्क कर युवक के धड़ की पहचान और शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश की जा रही है।
हत्या कहीं और की गई
एसीपी काकोरी ने बताया कि अब तक की गई छानबीन में ऐसा लगा लग रहा है कि युवक की हत्या कहीं दूर की गई है। इसके बाद उसके शरीर के कुछ टुकड़ों को कहीं दूसरी जगह और धड़ को काकोरी के नौबस्ता रेलवे पुल के पास बोरे में रखकर फेंका गया है।












Click it and Unblock the Notifications