Lucknow: खत्म हुई दो प्राइवेट हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन, नोटिस चस्पा कर कही ये बात
Lucknow, April 22: कोरोना वायरस महामारी ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के स्वास्थ्य सिस्टम की पोल खोल दी है। अस्पतालों के बाहर मरीजों की भीड़ है, बेड्स और ऑक्सीजन की भारी किल्लत है। तो वहीं, यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित प्राइवेट हॉस्पिटलों में भी ऑक्सीजन का स्टॉक खत्म हो गया है। हाल ये है कि मेयो हॉस्पिटल और टीएस मिश्रा हॉस्पिटल ने गेट के बाहर ऑक्सीजन के स्टॉक खत्म होने और अपने मरीजों को हायर सेंटर ले जाने का नोटिस चिपका दिया है। हॉस्पिटलों के बाहर नोटिस लगते ही मरीजों के परिजन दहशत में आ गए।

तो वहीं, बलरामपुर जिले के अस्पतालों में आक्सीजन की भारी किल्लत हो गई है। बता दें कि बलरामपुर अस्पताल में 290 मरीज भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन ऑक्सीजन के संकट को लेकर सीएमओ और डीएम को पिछले कई दिनों से लगातार मेल और फोन के माध्यम से सूचित कर रहा है। वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया। तो दूसरी तरफ मरीजों के परिजन ऑक्सीजन सिलेंडर लेने और रिफिल करवाने के लिए सेंटर के बाहर लाइन लगाकर खड़े हुए हैं। इन सबके बीच आज यानी गुरुवार को ऑक्सीजन की एक बड़ी खेप रेल मार्ग से बोकारो से लखनऊ पहुंच रही है।
हालांकि, राजधानी लखनऊ की बात की जाए तो यहां पर ही करीब 5902 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। तो वहीं, दो प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म हो जाने से लोगों में हड़कंप मच गया। शहर के मेयो हॉस्पिटल के गेट के बाहर ऑक्सीजन का स्टॉक खत्म होने और मरीजों को हायर सेंटर ले जाने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इसी तरह टीएस मिश्रा हॉस्पिटल में भी डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। जिसके बाद करीब 30 मरीजों को टीएस मिश्रा हॉस्पिटल से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
क्या लिखा है नोटिस में
नोटिस में लिखा है कि अस्पताल में ऑक्जीन की सप्लाई नहीं है। इसलिए तीमारदारों से अनुरोध है कि वे अपने मरीजों को हायर सेंटर ले जाएं। वहीं टीएस हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन की किल्लत की वजह से मरीजों को बाहर निकाला जा रहा है। हालांकि नोटिस लगने के कुछ देर बाद मेयो हास्पिटल में जिला प्रशासन की ओर से कुछ घंटों का बैकअप भेजा गया है, लेकिन अभी भी किल्लत बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications