अलाया अपार्टमेंट हादसा: बेटे की गिरफ्तारी के बाद सपा MLA की बिगड़ी तबीयत, मेरठ से पहुंचे लखनऊ
अलाया अपार्टमेंट के धराशाई होने के मामले में पुलिस ने सपा विधायक शाहिद मंजूर के बेटे नवाजिश को गिरफ्तार कर लिया। बेटे की गिरफ्तारी के बाद सपा विधायक शाहिद मंजूर की तबीयत बिगड़ गई।

Lucknow Building Collapse: लखनऊ के वजीर हसन रोड पर स्थित पांच मंजिला अलाया अपार्टमेंट 24 जनवरी को ढह गया था। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। अपार्टमेंट के धराशाई होने के मामले में पुलिस ने सपा विधायक शाहिद मंजूर (Shahid Manzoor) के भतीजे मोहम्मद तारिक के बाद उनके बेटे नवाजिश को भी 25 जनवरी की देर रात मेरठ से पकड़ लिया था। बेटे नवाजिश की गिरफ्तारी के बाद सपा विधायक शाहिद मंजूर की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया। इसके बाद शाहिद मंजूर अपने कुछ साथियों के साथ मेरठ से लखनऊ पहुंच गए।
अलाया अपार्टमेंट धराशायी होने के बाद मेरठ एसओजी ने सपा विधायक शाहिद मंजूर के बड़े बेटे नवाजिश को लेखनऊ के निर्देश पर हिरासत में ले लिया था। नवाजिश को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की गई। इसके बाद नवाजिश को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ भेज दिया गया। बेटे की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात करीब 2 बजे सपा विधायक शाहिद मंजूर की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हाई बीपी की समस्या हो गई, जिसके बाद उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया। बाद में उन्हें लेकर परिजन किठौर पहुंच गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को शाहिद मंजूर अपने कुछ साथियों के साथ लखनऊ पहुंच गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेटे की गिरफ्तारी के बाद सपा विधायक शाहिद मंजूर का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि नवाजिश को जेल भेज दिया गया है अभी कोर्ट में हमारे द्वारा जमानत के लिए अर्जी नहीं लगाई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जो इमारत गिरी है वह उनकी है। लेकिन 400 गज जमीन पर फ्लैट बिल्डर ने बनाए हैं। कहा कि यह हादसा भूकंप से हुआ या किसी और वजह से हुआ, इसके लिए शासन ने कमेटी बनाई है, जो जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नवाजिश के लिए एसएसपी का फोन आया था कि डीजीपी के निर्देश हैं, नवाजिश से पुलिस पूछताछ करेगी। पुलिस उसे पूछताछ के लिए ले गई थी। बाद में जेल भेज दिया गया।
Recommended Video

जानिए कौन है शाहिद मंजूर?
लखनऊ में हुए अलाया अपार्टमेंट हादसे के बाद शाहिद मंजूर का नाम अचानक से सुर्खियों में आ गया है। 66 वर्षीय शाहिद मंजूर काफी लंबे वक्त से राजनीति में हैं और चार बार के विधायक हैं। 2022 में सपा के टिकट पर शाहिद मंजूर ने किठौर सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के सत्वीर त्यागी को 2180 मतों के अंतर से हराया था। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री प्राप्त की है। उनके पिता स्वर्गीय मंजूर अहमद पांच बार विधायक रहे। उनका परिवार 1960 के दशक से राजनीति से जुड़ा हुआ है। शाहिद मंजूर सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications