जानिए कैसी होगी लखनऊ मेट्रो की बाहरी और अंदर की डिजाइन?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से ने शुक्रवार को लखनऊ मेट्रो रेल काॅरपोरेशन के प्रधान सलाहकार डाॅ. ई0 श्रीधरन और प्रबन्ध निदेशक कुमार केशव ने मुलाकात की। इस मुलाकात में श्रीधरन ने आने वाली मेट्रो रेल के डिब्बों की डिजाइन के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मेट्रो के प्रबन्ध निदेशक ने मुख्यमंत्री को मेट्रो कार की बाहरी और आन्तरिक डिजाइन के फोटोग्राफ्स प्रस्तुत किए।
लखनऊ मेट्रो
इस मुलाकात में हुई चर्चा के आधार पर ही हम आपको बताने जा रहे हैं, कि कैसी होगी लखनऊ मेट्रो के डिब्बों की डिजाइन-
- डिब्बों की डिजाइन में नवीनतम तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है।
- लखनऊ मेट्रो परियोजना देश में सबसे कम समय में पूरी होने वाली परियोजना होगी।
- ई श्रीधरन का आंकलन है कि लखनऊ मेट्रो का कार्य समय से पहले ही पूरा कर लिया जायेगा।
- लखनऊ मेट्रो ट्रेन की डिजाइन फ्रान्स में तैयार की गई है।
- इसका निर्माण एल्सटाॅम ट्रान्सपोर्ट इण्डिया के प्लाण्ट में किया जा रहा है।
- ट्रेन कन्ट्रोल और सिग्नल सिस्टम की आपूर्ति एल्सटाॅम ट्रान्सपोर्ट एस0ए0, फ्रान्स द्वारा की जाएगी।
- बाहरी व आन्तरिक डिजाइन को एल्सटाॅम के डिजाइन और स्टाइलिंग डिपाॅर्टमेण्ट द्वारा पेरिस में तैयार किया गया है।
- डिजाइन तैयार करने में लखनऊ के विभिन्न हिस्सों जैसे कि चौक, हज़रतगंज, अमीनाबाद के अलावा यहां की विभिन्न ऐतिहासिक धरोहरों और इमारतों तथा लखनऊ की संस्कृति का भी ख़्याल रखा गया है।
- लखनऊ के चिकनकारी वर्क, इन्वर्टेड डोम और गुम्बद को ट्रेन की बाहरी डिजाइन में शामिल किया गया है।
- ट्रेन की डिजाइन में लाल रंग के अलावा काला, स्टील ग्रे और मटमैले रंगों को शामिल किया गया है।
- ट्रेन के अन्दर का छत का हिस्सा चमकते हुए सफेद रंग का रखा गया है, जिससे कि अधिक स्पेस का एहसास होता है।
- मेट्रो कार की डिजाइन के चुनाव के पीछे यह मंशा रही है कि ऊर्जा की बचत के साथ-साथ यात्री आरामदेह और सुविधाजनक सफर का आनन्द उठा सकें।
- स्टेनलेस स्टील की बाॅडी से बने डिब्बों का भार हल्का होगा। इसका ब्रेकिंग सिस्टम भी उल्लेखनीय होगा।
- यात्रियों की सुरक्षा के लिए अग्निरोधी मैटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। आग से निकले धुएं की तुरन्त पहचान और बचाव का भी इन्तजा़म होगा और इस प्रकार की इमरजेन्सी में यात्रियों के सुरक्षित निकलने का भी बन्दोबस्त किया जा रहा है।
- ट्रेन के अन्दर यात्रियों के आवागमन की सुविधा, सार्वजनिक उद्घोषणा और डिस्प्ले सिस्टम, इमरजेन्सी संचार सुविधाएं दी गई हैं।
- ट्रेन के ड्राइवर से बातचीत के लिए टाॅकबैक सुविधा, सीसीटीवी कैमरे, विकलांगजन के लिए व्हीलचेयर की स्पेस, बड़ी खिड़कियां, ऐडजेस्टेबल फ्लोर होगी।
- लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन ने 20 ट्रेनों की 80 कारों तथा लखनऊ मेट्रो फेज-1ए के लिए रेल कन्ट्रोल और सिग्नल सिस्टम का काॅन्ट्रैक्ट एल्सटाॅम ट्रान्सपोर्ट इण्डिया लिमिटेड, बैंगलोर और एल्सटाॅम ट्रान्सपोर्ट एसए, फ्रान्स को दिया है।












Click it and Unblock the Notifications