लखनऊ: सूडा निदेशक की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, इस हालत में मिला शव
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सूडा के निदेशक व प्रोन्नत आईएएस उमेश प्रताप सिंह की पत्नी अनीता सिंह का गोली लगा शव मिला। गोली उनके सीने से आर-पार हो गई थी। घरवाले मौत को आत्महत्या बता रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थितियां साफ होंगी।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, घटना चिनहट थाना क्षेत्र की है। यहां 3/127 विकल्पखंड में आईएएस अधिकारी उमेश प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उमेश प्रताप सिंह दस दिन पहले ही पीसीएस से आईएएस अधिकारी हुए हैं। वह वर्तमान समय में सूडा में डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं। रविवार को वह पत्नी अनीता सिंह (42) और बेटे आशुतोष सिंह के साथ घर पर ही थे। दोपहर के वक्त कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज आई तो घर में हड़कंप मच गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उमेश ने चिल्लाते हुए दरवाजा खटखटाया, ना खुलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अनीता खून से लथपथ पड़ी थी। आनन फानन में उन्होंने बेटे के साथ पत्नी को उठाया और ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे यहां अनीता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

सोफे पर पड़ा था खून, मेज पर रखी थी काली माता की फोटो
पुलिस ने बताया कि शाम को 4:30 बजे सूचना मिली कि विकल्प खंड निवासी अनीता पत्नी उमेश सिंह द्वारा गोली मारकर आत्महत्या कर ली गई है। मौके पर आने पर देखा गया कि मकान के दूसरे तल पर बेडरूम में सोफे पर खून पड़ा हुआ है। बगल में नीचे पिस्टल पड़ी है। थोड़ी दूर पर एक खोखा कारतूस पड़ा है। मेज पर काली माता की फोटो रखी है।

हत्या और आत्महत्या में उलझी पुलिस
मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि लाइसेंसी पिस्टल उसकी मां अनीता के नाम है। पिस्टल घटना के बाद बगल में पड़ी थी। वहीं, पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उमेश कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। महिला के सीने पर गोली लगी है, जो आरपार हो गई है। ऐसे में लोगों की जुबान पर सवाल यह भी है कि कोई अपने सीने पर लाइसेंसी असलहा सटाकर गोली मार सकता है।












Click it and Unblock the Notifications