मुलायम की बहू अपर्णा यादव के घर पर तैनात होमगार्ड की बेटी की हत्या
Lucknow news, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के माल थानाक्षेत्र में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के घर की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की बेटी थी। सूचना मिलते ही एसएसपी कलानिधि नैथानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

सिर में गोली मारकर हत्या
जानकारी के अनुसार, माल थानाक्षेत्र के गोपरामऊ में रहने वाले ओम प्रकाश यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के घर की सुरक्षा में तैनात हैं। अपने परिवार के साथ ओमप्रकाश गांव में ही रहते हैं। बुधवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी रेखा यादव (23) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देकर हत्यारे मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
पुलिस को आशंका है कि युवती की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है। पुलिस युवती से मिलने आए युवक को कातिल मानकर तलाश में जुटी है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एसपी ग्रामीण को जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी माल ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications