समाजवादी पार्टी के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करवाते थे रंजीत बच्चन, की थी दो शादियां
लखनऊ। हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बदमाशों ने रंजीत बच्चन के सिर में गोली मारकर हत्या की है। बता दें, रंजीत बच्चन समाजवादी पार्टी से भी जुड़े थे। वह सपा के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी करवाते थे। उन्हें हजरतगंज के पॉश ओसीआर बिल्डिंग में फ्लैट आवंटित किया गया था, जहां वह रहते थे।

दो शादियां कर चुके थे रंजीत बच्चन
रंजीत बच्चन मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले हैं। पहली पत्नी से रिश्ता टूटने के बाद रंजीत ने दूसरी शादी की थी। इस मामले में उनके खिलाफ गोरखपुर में पारिवारिक रंजिश की एक एफआईआर भी दर्ज है। पुलिस ने हत्याकांड की जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं। पुलिस रंजीत बच्चन के परिवारवालों से भी संपर्क कर जानकारी जुटा रही है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान सिर में मारी गोली
रंजीत बच्चन हजरतगंज के पॉश ओसीआर बिल्डिंग से सुबह करीब साढ़े छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनके साथ दोस्त आशीष श्रीवास्तव भी थे। ग्लोब पार्क के बाहर निलते ही बाइक सवार बदमाशों ने रंजीत के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग में रंजीत के दोस्त आशीष भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

कमलेश तिवारी हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही पुलिस
बता दें, पिछले साल अक्टूबर में हिंदूवादी नेता और हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की उनके दफ्तर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। रंजीत की हत्या का पुलिस कमलेश तिवारी हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही है।












Click it and Unblock the Notifications