लखनऊ: रेलवे पुलिस के सामने डुप्लीकेट सलमान खान ने किया सरेंडर, शर्टलेस होकर रेलवे ट्रैक पर बनाई थी रील
लखनऊ: रेलवे पुलिस के सामने डुप्लीकेट सलमान खान ने किया सरेंडर, शर्टलेस होकर रेलवे ट्रैक पर बनाई थी रील
लखनऊ, 20 सितंबर: 'डुप्लीकेट सलमान खान' के नाम से मशहूर आजम अली अंसारी एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में आ गए है। दरअसल, आजम अली अंसारी पर कुछ दिनों पहले शर्टलेस होकर डालीगंज रेलवे ब्रिज के ट्रेक पर रील बनवाई थी। जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरपीएफ अधिकारियों ने मामला संज्ञान लिया और उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसी मामले में आजम अली अंसारी ने 19 सितंबर को लखनऊ रेलवे पुलिस के सामने खुद सरेंडर कर दिया।

रेलवे ट्रेक पर आजम अली अंसारी ने बनाई थी रील
'डुप्लीकेट सलमान खान' यानी आजम अली अंसारी ने फिल्म 'तेरे नाम' के टाइटल गीत को रेलवे ट्रैक पर ठीक उसी तरह से शूट किया था, जैसे कि सलमान खान पर फिल्म में फिल्माया गया था। उन्होंने उसी तरह से लंबे बाल रखे हैं और उसी स्टाइल में स्मोक करते दिख रहे हैं, यहां तक उनकी कद-काठी भी काफी हद तक सलमान खान से मेल खाती है, अगर आप सरसरी तौर पर देखेंगे तो आप भी शायद उन्हें असली वाला सलमान खान ही समझ लें।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
आजम का जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आरपीएफ ने उसका संज्ञान लिया और डुप्लीकेट सलमान यानी आजम अंसारी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147,145 और 167 के तहत केस दर्ज कर लिया गया था। आरपीएफ निरीक्षक सुरेश कुमार ने डुप्लीकेट सलमान खान यानी आजम अली अंसारी की पहचान कर छापा मारा था, लेकिन वो घर पर नहीं मिल सके। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

खुद किया सरेंडर
हालांकि, सोमवार को आजम अली अंसारी ने लखनऊ सिटी आरपीएफ पोस्ट पर आत्मसमर्पण कर दिया। उसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर कार्यवाही के बाद रेलवे न्यायालय भेजा जाएगा। आपको बता दें कि अभी भी गाने का वीडियो आजम अंसारी के सोशल अकाउंट पर मौजूद है और लोग इस पर काफी कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने उसे बॉलीवुड जाने की सलाह भी दे डाली है।
सलमान खान के है जबरा फैन
आजम अली अंसारी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के जबरा फैन है। वो सलमान को पूरी तरह से कॉपी करते हैं, वो उन्हीं की तरह चलते हैं, बोलते हैं और हाथों में ब्रेसलेट पहनते हैं। जिसकी वजह से आजम सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा लोकप्रिय है और उसके इंस्टा पर लाखों की संख्या में फॉलोअर्स है। वो मूल रूप से लखनऊ के ही रहने वाले हैं और इससे पहले भी उन पर शांति भंग करने के आरोप में केस दर्ज हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications