यूपी के डिप्टी सीएम मास्क लगाकर अस्पताल में पर्ची कटाने वाली लाइन में लगे, देखिए फिर क्या हुआ?
लखनऊ, 05 अप्रैल: पदभार ग्रहण करने के बाद डिप्टी सीएम व चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक मंगलवार को किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) पहुंच गए। इस दौरान केजीएमयू का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने अस्पातल में आने वाले मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान डिप्टी सीएम खुद मास्क लगाकर पर्ची वाली लाइन में लग गए।

कुछ देर बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें पहचान तो हड़कंप मच गया और आनन-फानन व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुट गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में बदइंतजामी पर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही पंजीकरण के लिए केजीएमयू के नंबर पर फोन करने वाले मरीजों की कॉल रिसीव न होने पर जमकर फटकार लगाई। डिप्टी सीएम ने अगले 24 घंटे में व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
डिप्टी सीएम ने निरीक्षण के दौरान कई बार पंजीकरण के लिए दिए गए नंबर पर अपने फोन से कॉल की। हर बार नंबर बिजी बताता रहा। इससे नाराज होकर वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक्सचेंज पहुंच गए। वहां सिर्फ दो लाइन पर बात हो रही थी। बाकी 10 लाइन खाली थीं। इस पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एजेंसी हटाने की भी चेतावनी दी साथ ही उन्होंने कहा कि अब एजेंसी को प्रति कॉल रिसीव करने के हिसाब से भुगतान किया जाए।
इसके अलावा ओपीडी में कुर्सियों पर गंदगी और टूटी दिखाई देने पर नाराजगी जताई। मरीजों ने बताया कि वह सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे है पर नंबर नहीं आया। इसके अलावा कतार में लगाने की व्यवस्था तक देखने वाला कोई नहीं है। इस पर मंत्री का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की और व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।












Click it and Unblock the Notifications