लखनऊ: कोरोना पॉजिटिव महिला का तीन दिन पुराना शव घर से बरामद, नोंच रहे थे जानवर
लखनऊ, अप्रैल 21: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कोरोना पॉजिटिव महिला का तीन दिन पुराना शव पड़ा मिला। शव को कुत्ते खा रहे थे। पड़ोसियों को बुधवार को बदबू आई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो कमरे में शव पड़ा था और कुत्तों के साथ अन्य जानवर उसको नोंच रहे थे। क्षत-विक्षत शव को लोगों ने किसी तरह से उठाकर मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा। इस मामले में अपर नगर आयुक्त अमित ने बताया कि महिला का शव तीन से घर में बंद पड़ा था। कोविड प्रोटोकॉल के तहत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पति की मौत के बाद अकेले रहती थी महिला
मामला लखनऊ के थाना मडियांव क्षेत्र के भरत नगर का है। सविता नाम की बुजुर्ग विधवा महिला अकेले रहती थी। जानकारी के मुताबिक, महिला ने गांव के तीन लोगों को किराए पर एक कमरा दे रखा था। इस दौरान किराएदार पंचायत चुनाव में अपने गांव चले गए और महिला घर में अकेली रह गई। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वह घर में ही रह गईं और दम तोड़ दिया। महिला की पति की तीन साल पहले मौत हो गई थी।
यूपी में बढ़ता जा रहा कोरोना का खतरा
बता दें, उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से हालात काफी गंभीर हैं। बिगड़ते हालात का आलम यह है कि यहां प्रतिदिन मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। हेल्थ डिपार्टमेंट में अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 187 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को इस बीमारी से 163 लोगों की जान गई थी। बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में पिछले 24 घंटे में 28821 नए कोरोना मरीज मिले हैं। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटे में 2,25,269 सैंपल्स की जांच हुई। प्रदेश में कोरोना वायरस के 2,42,265 सक्रिय केस हैं। अब तक 6,89,900 मरीज इस बीमारी से मुक्त हो चुके हैं और उनको डिस्चार्ज किया जा चुका है। प्रदेश में 93,76,419 लोगों का टीकाकरण की पहली डोज और 17,69,611 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications