COVID-19: यूपी में पिछले 24 घंटे में बढ़े 97 मरीज, तीन की मौत
लखनऊ। लॉकडाउन के बावजूद उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस अपने पांव पसारता जा रहा है। यूपी में पिछले 24 घंटे में 97 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में अबतक 1604 लोग कोविड-19 संक्रमित हैं, जिनमें से 1374 सक्रिय मामले हैं। वहीं, अबतक 24 लोग इस वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश के 57 जिले कोरोना वायरस से प्रभावित हैं। एएम प्रसाद के मुताबिक, संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी की संख्या कम हो रही है।

कानपुर में 113 पहुंची संक्रमित मरीजों की संख्या
कानपुर में शुक्रवार को छह नए कोरोना संक्रमित सामने आए है। ये सभी कुलीबाजार व उसके आसपास क्षेत्र के रहने वाले हैं। गुरुवार देर रात केजीएमयू और जीएसवीएम से आई रिपोर्ट में 24 लोग संक्रमित पाए गए थे। इनमें अनवरगंज थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल व कुली बाजार के एक मदरसे के 13 छात्र भी शामिल हैं। हेड कांस्टेबल के संक्रमित मिलने के बाद थाने को सील कर दिया गया है, जबकि दो दरोगा व 12 सिपाहियों को क्वारंटाइन किया गया है। अब यहां संक्रमितों की संख्या 113 पहुंच गई है।
बता दें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 20 या 20 से अधिक काेरोना संक्रमित मामलों वाले जिलों के लिए 7 मंडलों के 15 जिलों में नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। अफसर जिले की प्रशासनिक खामियों को दूर करते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएंगे। संबंधित जिले में अपने आकलन के आधार पर शासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। ये वहां एक हफ्ते कैंप करेंगे।
मुख्यमंत्री ने की टीम-11 के साथ बैठक
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को टीम-11 के साथ कोरोना वायरस के नियंत्रण व लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना प्रभावित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित करते हुए संक्रमण से बचाव के लिए अपनाई जा रही रणनीति अत्यन्त प्रभावी सिद्ध हो रही है। हॉटस्पॉट का यह यूपी मॉडल काफी लोकप्रिय हुआ है। यह निरन्तर सुनिश्चित किया जाए कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में केवल मेडिकल, सेनिटेशन तथा होम डिलीवरी टीमें ही जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 दिन की संस्थागत क्वारंटाइन पूरी करने वालों को राशन की किट और एक हजार रुपए के भरण-पोषण भत्ते के साथ होम क्वारंटाइन के लिए घर भेजने की व्यवस्था की जाए।












Click it and Unblock the Notifications