UP Coronavirus Cases : यूपी में 3 लाख के पार हुए कोरोना के सक्रिय मामले, पिछले 3 दिन में नए मामलों में आई कमी
लखनऊ, अप्रैल 27: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की वजह से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रदेश में इस समय कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या तीन लाख के आंकड़े को पार कर गई है। हालांकि, यूपी सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में कोरोना के नए मामलों में कमी दर्ज की गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया, पिछले तीन दिनों में प्रदेश में कोविड 19 के नए केसों में कमी आई है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में न तो बेड की कमी है, न ऑक्सीजन की और न ही दवाईयों की।

उत्तर प्रदेश में एक दिन में 33574 नए केस, 249 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में सोमवार को एक दिन में कोरोना के 33574 नए केस सामने आए, जबकि 249 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इस अवधि में इलाज के बाद 26719 लोग अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए। सोमवार को प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 304199 थी। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, लखनऊ और वाराणसी जैसे कुछ सबसे अधिक प्रभावित जिलों में सक्रिय मामलों की संख्या में भी कमी आने लगी है। लखनऊ में सक्रिय मामले, जो रविवार को 52,068 पर थे वो सोमवार को घटकर 50,627 रह गए। वाराणसी में भी रविवार को सक्रिय मामलों की संख्या 17,321 से गिरकर सोमवार को 16,083 हो गई। प्रयागराज में भी सक्रिय मामलों की संख्या में थोड़ी कमी आई है, लेकिन कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली में सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है।
UP में कोरोना से लड़ने के लिए सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'पिछले चार वर्षों में हमने राज्य में 32 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए हैं। वर्तमान में, हमारे पास 72 ऑक्सीजन टैंकर हैं, जो राज्य के सभी जिलों के अस्पतालों में ऑक्सीजन पहुंचाते हैं।' सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉक्टरों, सुरक्षा कर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ की जिलावार सूची तैयार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है। सूची में वो लोग शामिल होंगे जो हाल ही में कोरोना महामारी से संक्रमित होने के बाद ठीक हुए हैं और अपनी सेवाएं देने को इच्छुक हैं। सीएम ने आवश्यक होने पर इन लोगों को अस्पतालों में तैनात करने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications