मनीष गुप्ता की मौत के बाद सीएम योगी सख्त, दागी पुलिसकर्मियों की जांच कर बर्खास्तगी के दिए निर्देश
लखनऊ, 30 सितंबर: गोरखपुर में कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की संदिग्ध मौत के पीछे कई पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आ रही है। मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने भी सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को टीम-9 की बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस विभाग को लेकर अहम निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एडीजी, कानून व्यवस्था और डीजी इंटेलिजेंस के नेतृत्व में प्रदेश में दो कमेटियां बनाने का निर्देश दिया है। ये दोनों कमेटियां पूरे प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों का रिकॉर्ड रिव्यू करेंगी। इसमें जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ जबरन रिटायरमेंट और बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video

सीएम योगी को जल्द रिपोर्ट सौंपेंगी दोनों कमेटियां
मुख्यमंत्री योगी ने साफ निर्देश दिया है कि दागी पुलिस अधिकारियों, कर्मियों को कोई भी महत्वपूर्ण तैनाती नहीं दी जाए। दोनों कमेटियां जल्द से जल्द सीएम योगी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी।
गोरखपुर के होटल में मनीष की संदिग्ध मौत
बता दें, गोरखपुर के सिकरीगंज के रहने वाले चंदन सैनी ने बताया कि उनके तीन दोस्त प्रदीप चौहान, हरदीप सिंह चौहान और मनीष गुप्ता गोरखपुर घूमने आए थे। मनीष गुप्ता कानपुर के रहने वाले थे। 27 सिंतबर की रात रामगढ़ताल थाना पुलिस होटलों की चेकिंग के लिए निकली थी। थाने से कुछ दूरी पर स्थित कृष्णा होटल में पुलिस ने एक कमरे की तलाशी ली तो वहां मनीष अपने दो दोस्तों के साथ ठहरा थे। पुलिस के पहुंचने पर मनीष के दोनों साथी उठ गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह गुड़गांव व लखनऊ के रहने वाले हैं। दोनों ने अपना आधार कार्ड भी दिखाया।
पीएम रिपोर्ट में मनीष के शरीर गंभीर चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान मनीष नींद में उठा और बेड से नीचे गिर गया। इससे उसके मुंह में चोट लग गई। पुलिस के अनुसार तीनों युवक नशे में थे। पुलिस मनीष को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से मनीष की मौत हुई। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी खुलासा हुआ है कि मनीष के सिर व शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। मामले में कई पुलिसकर्मियों पर हत्या की एफआईआर हो गई है, वहीं कई निलंबित किए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications