बाराबंकी: जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या हुई 13, सीएम योगी ने 2 लाख मुआवजे का किया ऐलान, सेल्समैन गिरफ्तार
Lucknow News, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई की हालत गंभीर है। घटना से इलाके में कोहराम मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर संवेदना व्यक्त करते हुए मरने वालों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मामले की जांच करने और 48 घंटे में एक रिपोर्ट देने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र के रानीगंज इलाके में देशी शराब की दुकान पर दर्जनों लोगों ने शराब खरीद कर पी थी। शराब पीने के बाद इनकी हालत बिगड़ने लगी और फिर इन्हें सीएचसी पर ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिसमें से चार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। सोमवार की रात को करीब 9:00 बजे से सीएचसी सूरतगंज में मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। एक के बाद एक करके आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर हालत में आए। सभी मरीजों ने जब शराब पीने से हालत बिगड़ने की बात बताई तो फिर डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देर रात मरीजों के मरने का सिलसिला शुरू हो गया।

अब तक 13 लोगों की हो चुकी है मौत
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेल्समैन सुनील जयसवाल को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि जहरीली शराब पीने से अभी तक 12 लोगों की मौत हो गई है। शराब से हुई मौत के मामले में आबकारी मंत्री जय प्रताप सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिला आबकारी विभाग के 10 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी, इंस्पेक्टर, तीन हेड कांस्टेबल समेत 5 सिपाहियों को निलंबित किया गया है।

जांच के लिए टीम गठित
उधर मामले में यूपी पुलिस के डीजीपी ने भी सख्त रुख अख्तियार करते हुए राम नगर के सीओ पवन गौतम और इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया साथ ही मामले की जांच के लिए एसपी अजय साहनी ने तीन सदस्यों की जांच टीम गठित कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट तलब की है।


Click it and Unblock the Notifications
