CAA और NRC को लेकर मायावती ने मुसलमानों को किया सावधान, कही ये बातें
लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में हो रहे विरोध के बीच बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने मुस्लिम समाज के लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। उन्होंने मंगलवार को दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि बीएसपी की मांग है कि केन्द्र सरकार CAA/NRC को लेकर खासकर मुसलमानों की सभी आशंकाओं को जल्दी दूर करे और उनको पूरे तौर से सन्तुष्ट भी करना चाहिये तो यह बेहतर होगा। मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुस्लिम समाज के लोग सावधान भी रहें। कहीं इस मुद्दे की आड़ में उनका राजनैतिक शोषण तो नहीं हो रहा है और वे उसमें पिसने लगे हैं।

मायावती ने बसपा के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली को उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के दौरान हिंसा में मारे गए लोगों के परिवार के लोगों से भेंट करने के लिए अधिकृत किया है। बसपा मुखिया मायावती ने कहा कि सीएए और एनआरसी के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान जहां भी लोग मारे गए हैं, वहां पर बसपा प्रदेश मुनकाद अली जाकर पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ पीडि़त परिवार से मिलें व उन्हें सांत्वना दें कि इस दुख की घड़ी में पार्टी उनके साथ है।
बता दें, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बिजनौर में मारे गए लोगों के परिजनों से मिली थीं। मंगलवार को प्रियंका और राहुल गांधी मेरठ में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। हालांकि, प्रशासन ने उन्हें धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए जाने से रोक दिया। अब बसपा मुखिया मायावती ने भी पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications