कनिका कपूर के खून में नहीं हैं हीमोग्लोबिन की कमी, प्लाज्मा डोनेट करने के लिए हैं पूरी तरह फिट
लखनऊ। कोरोना वायरस से जंग जीतने के बाद बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने अपने प्लाज्मा डोनेट करने की इच्छा जाहिर की थी। कनिका कपूर की प्लाज्मा डोनेट करने की इच्छा जाहिर करने के बाद केजीएमयू ने उनका रक्त परीक्षण किया। जिसके बाद आईं रिपोर्ट में कनिका पूरी तरह फिट हैं, और उनके खून में पर्याप्त एंटीबॉडीज मिली है। बता दें, करीब 40 तरह की खून की जांच कराई गई। कनिका की जांच सभी मानकों पर खरी उतरी है। ऐसे में जरूरत के हिसाब से उनका प्लाज्मा कभी भी लिया जा सकता है।
Recommended Video

पहले आईं थी यह जानकारी
केजीएमयू की ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. तूलिका चंद्रा ने बताया कि कनिका कपूर ने केजीएमयू में प्लाज्मा देने की इच्छा जताई थी। सोमवार शाम केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग ने प्लाज्मा जांच के लिए कनिका कपूर के महानगर स्थित फ्लैट पर जाकर उनका ब्लड सैंपल लिया था। आज सुबह उसकी रिपोर्ट आ गई है। हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से अभी इस बात का निर्णय नहीं लिया गया है कि कपूर का प्लाज्मा कब लिया जाएगा।

40 तरह की हुई जांच
केजीएमयू की ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. तूलिका चंद्रा ने बताया कि इसके बाद खून की करीब 40 तरह की जांच हुई। इसमें कम्प्लीट ब्लड काउंटर, एंटीजन, एंटीबॉडीज, हेपेटाइटिस, मलेरिया सहित दूसरे वॉयरल मार्कर समेत दूसरी जांचें कराई गईं। केजीएमयू डॉक्टरों के मुताबिक, खून की सभी जांचें ठीक आई हैं। कनिका का ब्लड ग्रुप-ए पॉजिटिव है। खून में पर्याप्त मात्रा में कोरोना एंटीबॉडी मिली हैं। मसलन कनिका का प्लाज्मा गंभीर कोरोना मरीजों को नया जीवन देने में कारगर साबित हो सकता है।

कभी भी लिया जा सकता है प्लाज्मा
केजीएमयू ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की विभागाध्यक्ष डॉ. तूलिका चन्द्रा ने बताया कि कनिका की जांचें दुरुस्त पाई गई हैं। प्लाज्मा कभी भी लिया जा सकता है। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। जिस दिन वह प्लाज्मा देने के लिए राजी होंगी प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी। इसमें किसी भी तरह की अड़चन नहीं है। अब तक तीन कोरोना विजेता प्लाज्मा दान कर चुके हैं।

हाई प्रोफाइल पार्टियों में हुई थी शरीक
कोरोना संक्रमण के बाद भी वीवीआईपी पार्टियां करके चर्चा में आईं बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अब स्वस्थ होने के बाद प्लाज्मा दान करेंगी। माना जा रहा है कि यह कदम वह अपनी छवि सुधारने के लिए उठा रहीं हैं। बीते माह उन्होंने शहर को खतरे में डाल दिया था। लंदन से लौटने के बाद वे कई हाई प्रोफाइल पार्टियों में शरीक हुईं। इतना ही नहीं, संजय गांधी पीजीआई में इलाज के दौरान भी उन्होंने हंगामा किया था। अब समाजसेवा की यह पहल वह बहुत सोच-समझ कर रही हैं।

लखनऊ पुलिस ने चिपकाया नोटिस
उधर, कनिका कपूर के खिलाफ लखनऊ में केस भी दर्ज किया था, जिसमें उनका बयान दर्ज करने के लिए लखनऊ पुलिस ने उनके घर पर नोटिस चस्पा किया है। पुलिस के मुताबिक, कनिका कपूर को थाने आकर अपना लिखित बयान देना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, कनिका के खिलाफ लखनऊ के सरोजिनी नगर थाने में आईपीसी की धारा 188, 269 और 270 के तहत एफआईआर दर्ज है। ऐसे में पुलिस की टीम 30 अप्रैल को उनका बयान दर्ज करेगी।












Click it and Unblock the Notifications